PITRUPAKSH MELA 2026: BSTDC ने श्रद्धालुओं के लिए लॉन्च किए खास पिंडदान पैकेज, ई-पिंडदान की भी मिलेगी सुविधा
PITRUPAKSH MELA 2026: गयाजी आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) ने विशेष पिंडदान पैकेज तैयार किए हैं......पढ़िए आगे
PATNA : पितृपक्ष मेला-2026 में गयाजी आने वाले देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने आस्था और सुविधा को जोड़ते हुए पिंडदान के विभिन्न पैकेज तैयार किए हैं। इनमें घर से घर तक पिकअप-ड्रॉप की यात्रा, पिंडदान, पूजा सामग्री, आवास और भोजन की सुविधाएं शामिल हैं। इन पैकेज के माध्यम से 25 सितंबर से 10 अक्तूबर तक श्रद्धालुओं को निर्धारित धार्मिक स्थलों पर विधि-विधान से पिंडदान कराने के बाद वापस उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है। पैकेज के अनुसार सेडान या हैचबैक कार से श्रद्धालुओं को निर्धारित स्थलों तक ले जाया जाएगा। इनमें पटना-पुनपुन घाट-गयाजी का एक दिवसीय पैकेज, पुनपुन-गयाजी के साथ नालंदा एवं राजगीर भ्रमण वाला एक रात-दो दिन का पैकेज और गयाजी से सीधे पिंडदान का विकल्प शामिल है। राजगीर के विश्व शांति स्तूप और नालंदा के प्राचीन अवशेषों का भ्रमण भी कराया जाएगा। हालांकि, स्मारक और पर्यटन स्थलों के प्रवेश टिकट भी पैकेज का हिस्सा हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और बजट के अनुसार 3 स्टार, सेमी-लग्जरी और बजट एसी होटल की श्रेणी रखी गई है। बोधगया में होटल स्टार, होटल गौतम, गीतांजलि, बुद्धा रिजॉर्ट और निरंजना रिजॉर्ट जैसे विकल्प उपलब्ध हैं।
क्या है पैकेज
पैकेज-ए में पटना–पुनपुन घाट–गयाजी–पटना की यात्रा शामिल है। यह एक-दिवसीय पिंडदान पैकेज है। इस पैकेज की दर होटल श्रेणी सुविधा और एक यात्री से चार यात्री की क्षमता के अनुसार 14,550 रुपये से शुरू होकर 30,650 रुपये तक है। पैकेज-बी में पटना–पुनपुन घाट–गयाजी–नालंदा–राजगीर–पटना की यात्रा है। यह एक रात्रि-दो दिन पैकेज है। इसकी दर होटल की सुविधा और यात्रियों की संख्या पर निर्भर है। एक व्यक्ति के लिए 18,850 रुपये और चार के लिए 40,700 रुपये शुल्क रखा गया है। पैकेज-सी में गयाजी एक-दिवसीय पिंडदान पैकेज है। गयाजी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह एक-दिवसीय पैकेज है। इस पैकेज की दर होटल श्रेणी सुविधा व एक यात्री से चार यात्री की क्षमता के अनुसार 11,250 रुपये से शुरू होकर 25,250 रुपये तक है। वहीँ पैकेज-डी में गयाजी एक रात्रि-दो दिवसीय पिंडदान पैकेज है। यह पैकेज विशेष रूप से देर रात, सुबह और संध्या समय पिंडदान अनुष्ठान करने वाले श्रद्धालुओं के लिए तैयार किया गया है। इस पैकेज की दर होटल श्रेणी सुविधा यात्रियों की क्षमता के अनुसार 16,000 रुपये एक व्यक्ति के लिए और 39,500 रुपये चार व्यक्ति के लिए निर्धारित है। उधर पैकेज-ई गयाजी–राजगीर–नालंदा एक रात्रि-दो दिवसीय पैकेज है। यह एक रात्रि-दो दिवसीय गयाजी पिंडदान एवं पर्यटन पैकेज है। इस पैकेज की दर एक यात्री से चार यात्री की क्षमता और होटल की श्रेणी के आधार पर 16,550 रुपये से शुरू होकर 32,850 रुपये प्रति व्यक्ति तक है।
ई पिंडदान पैकेज भी उपलब्ध
पर्यटन निगम ने 23 हजार रुपये का ई-पिंडदान पैकेज भी तैयार किया है। इस धार्मिक अनुष्ठान की संपूर्ण वीडियो रिकॉर्डिंग कर पेन ड्राइव तैयार की जाएगी, जिसे पंडा द्वारा श्रद्धालु को उपलब्ध कराया जाएगा। इससे श्रद्धालु पिंडदान की पूरी प्रक्रिया की डिजिटल स्मृति अपने साथ ले जा सकेंगे। पर्यटन निगम के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 से 2025 के बीच ई-पिंडदान पैकेज के माध्यम से 30 श्रद्धालुओं ने, जबकि सामान्य पिंडदान पैकेज के माध्यम से 150 श्रद्धालुओं ने पिंडदान किया। इस प्रकार तीन वर्षों में कुल 180 श्रद्धालुओं ने पर्यटन निगम के इन पिंडदान पैकेजों का लाभ लिया है।
ऐसे कर सकते बुकिंग
ई-पिंडदान पैकेज की ऑनलाइन बुकिंग bookingtourism.bihar.gov.in के माध्यम से की जा सकती है। वहीं ऑफलाइन बुकिंग के लिए बुकिंग क्लर्क नागेंद्र कुमार रजक से 8544418408 अथवा 8294307690 पर संपर्क किया जा सकता है।