पटना में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 20 थानाध्यक्ष और पुलिस अफसरों का तबादला, देखें पूरी सूची
पटना में प्रशासनिक दृष्टिकोण और दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर 20 पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। शास्त्रीनगर, दानापुर, जक्कनपुर और कंकड़बाग समेत कई थानों में नए थानाध्यक्षों की तैनाती हुई है।
पटना में प्रशासनिक दृष्टिकोण और थानाध्यक्षों के दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद हुए बदलावों के कारण बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। जारी आदेश के अनुसार कुल 20 पुलिस पदाधिकारियों को नए थानों और पदों पर स्थानांतरित किया गया है। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे तुरंत अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देंगे।
शास्त्रीनगर, दानापुर और जक्कनपुर थानों में नए थानाध्यक्षों की तैनाती
स्थानांतरण सूची के तहत दानापुर के थानाध्यक्ष पु०नि० प्रशांत कुमार भारद्वाज को शास्त्रीनगर का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं शास्त्रीनगर के थानाध्यक्ष पु०नि० रवीन्द्र कुमार अब दानापुर थाना की कमान संभालेंगे। बख्तियारपुर के थानाध्यक्ष पु०नि० देवानंद शर्मा का तबादला जक्कनपुर थानाध्यक्ष के रूप में किया गया है, जबकि जक्कनपुर के थानाध्यक्ष रहे पु०नि० रितुराज कुमार सिंह को पाटलीपुत्र थाने की कमान सौंपी गई है।

कंकड़बाग, पाटलीपुत्र और बाढ़ थाने के अधिकारियों की नई जिम्मेदारी
कंकड़बाग थानाध्यक्ष पु०नि० अभय कुमार सिंह को शाहजहाँपुर/दनियावाँ का पर्यवेक्षी पदाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि कंकड़बाग थाने का प्रभार अब पु०अ०नि० संजीव कुमार को दिया गया है। पाटलीपुत्र थानाध्यक्ष पु०नि० अतुलेश कुमार सिंह को बेलछी/भदौर/सकसोहरा का पर्यवेक्षी पदाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा, मोकामा के पर्यवेक्षी पदाधिकारी पु०नि० पूर्णनेन्दु कुमार को बाढ़ थाने का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है, वहीं बाढ़ के थानाध्यक्ष पु०नि० ब्रज किशोर सिंह को पुलिस केन्द्र, पटना भेजा गया है।
पुनपुन, बख्तियारपुर और अन्य ग्रामीण थानों में नए प्रभार
पुनपुन की थानाध्यक्ष पु०अ०नि० बेबी कुमारी को दनियावाँ स्थानांतरित किया गया है, जबकि शाहजहाँपुर के थानाध्यक्ष पु०अ०नि० बमबम कुमार को पुनपुन का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। एम्स ओ०पी० प्रभारी पु०अ०नि० विनोद कुमार को बख्तियारपुर थाने की कमान दी गई है। इसके अतिरिक्त, ओ०पी० प्रभारी मरीन ड्राइव पु०अ०नि० दीपक मणी को घोसवरी का थानाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि घोसवरी के थानाध्यक्ष पु०अ०नि० सत्यम तिवारी को ओ०एस०डी० वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पटना पदस्थापित किया गया है।
अन्य थानों में बदलाव और पुलिस लाइन भेजे गए अधिकारी
विशिष्ट आसूचना इकाई के पु०अ०नि० उत्तम कुमार को शाहजहाँपुर का थानाध्यक्ष बनाया गया है। कादिरगंज के थानाध्यक्ष पु०अ०नि० रौशन कुमार को खुशरूपुर का प्रभार दिया गया है। जे०पी० सेतु टी०ओ०पी० प्रभारी पु०अ०नि० विष्णु कुमार को नेउरा थानाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि नेउरा के निवर्तमान थानाध्यक्ष पु०अ०नि० जगदीप राणा को पुलिस केन्द्र, पटना भेजा गया है। 90 फीट ओ०पी० प्रभारी पु०अ०नि० राहुल यादव को कादिरगंज और कन्हौली ओ०पी० प्रभारी पु०अ०नि० राजू कुमार सिंह को सिगौड़ी थाने का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट