Bihar News : पटना में युवाओं के लिए बड़ा अवसर, दीघा ITI में इस दिन को लगेगा रोजगार मेला, 2000 से अधिक पदों पर होगी बहाली

Bihar News : पटना में आगामी 16 सितंबर 2026 को दीघा स्थित आईटीआई परिसर में एक दिवसीय 'रोजगार मेले' का भव्य आयोजन किया जा रहा है। जहाँ दो हज़ार लोगों की बहाली होगी.....पढ़िए आगे

Bihar News : पटना में युवाओं के लिए बड़ा अवसर, दीघा ITI में
रोजगार मेला का आयोजन - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : पटना के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। अवर प्रादेशिक नियोजनालय, पटना की ओर से 16 सितंबर 2026 को दीघा आईटीआई परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में निर्माण क्षेत्र, रिटेल, सर्विसेज, ऑटोमोबाइल और आईटी समेत अन्य क्षेत्रों की करीब 20 से 25 प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल होगी। इनमें 2000 से अधिक युवाओं को रोजगार प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे। रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। चयन प्रक्रिया संबंधित कंपनियों और नियोजकों की आवश्यकताओं के अनुरूप होगी। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए किसी अभ्यर्थी से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

रोजगार सेतु पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी

मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का बिहार रोजगार सेतु पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। जिनका पंजीकरण पहले से नहीं है, वे रोजगार मेले के दिन दीघा आईटीआई परिसर में बनाए गए हेल्पडेस्क या रजिस्ट्रेशन काउंटर पर भी पंजीकरण करा सकेंगे।नियोजनालय और सरकार की भूमिका नियोजकों तथा नौकरी तलाश रहे युवाओं के बीच प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने और समन्वय स्थापित करने की होगी। चयनित अभ्यर्थियों के वेतन, पद, कार्य की शर्तें और अन्य सुविधाएं संबंधित कंपनियों के नियमों के अनुसार निर्धारित होंगी।

जांच परख कर कंपनियों का किया जाता है चयन

रोजगार मेले में शामिल होने वाली कंपनियों और नियोजकों की सत्यता, गुणवत्ता एवं पात्रता का विभागीय स्तर पर आकलन किया जाता है। इसके लिए वरिष्ठ सहायक निदेशक, सहायक निदेशक और नियोजन पदाधिकारियों की टीम गठित की गई है। मेले में प्राथमिक रूप से चयनित अथवा शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों के नियोजन की स्थिति की जानकारी भी नियोजनालय द्वारा अनुवर्तन के माध्यम से प्राप्त की जाएगी।

प्रमाणपत्र और बायोडाटा के साथ पहुंचें अभ्यर्थी

इच्छुक अभ्यर्थियों को 16 सितंबर को सुबह 10 बजे से दीघा आईटीआई परिसर पहुंचना होगा। उन्हें अपने सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों, बायोडाटा (रिज्यूमे), पासपोर्ट साइज फोटो और पहचान पत्र की मूल एवं छायाप्रति साथ लानी होगी।