सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी, 85.20 फीसदी विद्यार्थियों ने पाई सफलता, पटना रीजन में लड़कियां टॉप

सीबीएसई 12 वीं बोर्ड के लिए देशभर में 17,80,365 छात्रों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 17,68,968 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और 15,07,109 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए।

CBSE 12th Result 2026- फोटो : news4nation

CBSE 12th Result 2026  :  सीबीएसई ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। लंबे इंतजार के बाद घोषित हुए परिणामों में इस बार कुल पास प्रतिशत 85.20 फीसदी दर्ज किया गया है। देशभर में 17,80,365 छात्रों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 17,68,968 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और 15,07,109 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए। पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार पास प्रतिशत में गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में पास प्रतिशत 88.39 फीसदी था। 


रिजल्ट में एक बार फिर लड़कियों ने बाजी मारी है। लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86 फीसदी रहा, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 82.13 फीसदी दर्ज किया गया। वहीं 94,028 छात्रों ने 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल किए हैं, जबकि 17,113 विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से ज्यादा अंक प्राप्त किए। सीबीएसई के अनुसार इस वर्ष 1,63,800 छात्रों को कंपार्टमेंट मिला है। कंपार्टमेंट प्रतिशत के मामले में प्रयागराज रीजन सबसे ऊपर रहा, जहां 16.76 फीसदी छात्रों को कंपार्टमेंट मिला। इसके बाद दिल्ली ईस्ट, बेंगलुरु और पंचकूला का स्थान रहा। 


पटना रीजन में लड़कियों का शानदार प्रदर्शन 

पटना रीजन में कंपार्टमेंट प्रतिशत 9.13 फीसदी दर्ज किया गया।  पटना रीजन से इस बार 79,012 छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 58,824 छात्र सफल हुए। यहां कुल पास प्रतिशत 74.45 फीसदी रहा। पटना रीजन में 49,632 लड़कों ने परीक्षा दी, जिनमें से 34,989 पास हुए। लड़कों का पास प्रतिशत 70.50 फीसदी दर्ज किया गया। वहीं 29,380 लड़कियों में से 23,835 छात्राएं सफल रहीं और उनका पास प्रतिशत 81.13 फीसदी रहा। इस तरह पटना रीजन में लड़कियों ने लड़कों से करीब 11 फीसदी बेहतर प्रदर्शन किया।


इन वेबसाइट्स और ऐप्स पर देखें रिजल्ट

छात्र अपना रिजल्ट सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइटों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देख सकते हैं।

CBSE Results

CBSE Official Website

DigiLocker

UMANG App

इसके अलावा छात्र SMS और IVRS सेवा के जरिए भी अपना परिणाम देख सकते हैं।


ऐसे चेक करें CBSE 12वीं रिजल्ट 2026

सबसे पहले CBSE Results Portal पर जाएं। “CBSE Class 12th Result 2026” लिंक पर क्लिक करें।  अपना रोल नंबर और मांगी गई जानकारी भरें। सबमिट करते ही स्क्रीन पर मार्कशीट दिखाई देगी। छात्र भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट या डाउनलोड कॉपी सुरक्षित रख सकते हैं।