Patna Khan sir Coaching Violence: खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग और बवाल के बीच सीसीटीवी आया सामने, पुलिस के खुलासे से बड़ी सच्चाई आई सामने

Patna Khan sir Coaching Violence: सोशल मीडिया पर गोलीबारी की अफवाहें तेजी से फैलीं, लेकिन पुलिस ने शुरुआती जांच में फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं की। सीसीटीवी फुटेज और इलाके के लोगों की पूछताछ से अहम सुराग मिले हैं।

खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग और बवाल के बीच सीसीटीवी आया सामने- फोटो : reporter

Patna Khan sir Coaching Violence: पटना की राजधानी में शिक्षा के मैदान पर एक नया घिनौना खेल खेला गया है। खान सर की खान ग्लोबल स्टडीज (केजीएस) पर मंगलवार रात करीब 10:10 बजे हुए पथराव और तोड़फोड़ ने पूरे बिहार को हिला दिया। बुधवार सुबह खान सर ने क्लास लेने से साफ इंकार कर दिया। नतीजा? बड़ी तादाद में छात्र-छात्राएं कोचिंग पहुंचे और कदमकुआं थाना क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। यह हमला सिर्फ ईंट-पत्थर का नहीं, बल्कि युवा आकांक्षाओं पर सीधा हमला है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कुछ अराजक तत्वों ने कोचिंग परिसर पर हमला बोला, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। सोशल मीडिया पर गोलीबारी की अफवाहें तेजी से फैलीं, लेकिन पुलिस ने शुरुआती जांच में फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं की। सीसीटीवी फुटेज और इलाके के लोगों की पूछताछ से अहम सुराग मिले हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट में कथित तौर पर ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान से जुड़े 15 से 20 लोग इस साजिश में शामिल बताए जा रहे हैं। लंबे समय से दोनों कोचिंग के बीच चल रहे तनाव ने अब हिंसक रूप ले लिया है। 

क्या यह प्रतिस्पर्धा का सामान्य विवाद है या कोई बड़ी राजनीतिक-शैक्षिक षड्यंत्र?खान ग्लोबल स्टडीज की ओर से कदमकुआं थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। शिकायत में ज्ञान बिंदु पर हमला कराने का सीधा आरोप लगाया गया। हालांकि एफआईआर में गोलीबारी का कोई जिक्र नहीं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और छापेमारी शुरू कर दी है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर कानून-व्यवस्था कायम रखने की मुहिम चलाई जा रही है। छात्रों में भारी आक्रोश है। 

एक छात्र ने कहा, “खान सर जैसे शिक्षक बिहार के युवाओं की उम्मीद हैं। उन पर हमला पूरे शिक्षा तंत्र पर हमला है।” खान सर ने क्लास रद्द कर छात्रों से अपील की कि शांति बनाए रखें। यह घटना बिहार की कोचिंग संस्कृति पर सवाल खड़ी करती है जहां हजारों छात्र सरकारी नौकरी की तैयारी करते हैं। विपक्षी ताकतें इसे राजनीतिक रंग दे रही हैं। कुछ नेता इसे “शिक्षा के दुश्मनों की साजिश” बता रहे हैं। पुलिस का फोकस अब पूरी सच्चाई उजागर करने पर है। जांच पूरी होने पर ही पता चलेगा कि यह सिर्फ पथराव था या कोई बड़ी साजिश थी। फिलहाल पटना में तनाव बरकरार है। युवा शक्ति का गुस्सा बढ़ रहा है। क्या प्रशासन इस मुद्दे को समय रहते सुलझा पाएगा या फिर यह विवाद बिहार की राजनीति का नया चेहरा बन जाएगा?

ब्यूरो रिपोर्ट