Paras hospital murder - पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली समझ से परे, पटना के पारस अस्पताल में दिनदहाड़े मर्डर पर भड़के चिराग, कहा – बिहार में कानून व्यवस्था चिंता का विषय

Paras hospital murder - पटना के पारस अस्पताल में दिनदहाड़े हुए हत्या के बाद अब चिराग पासवान ने भी पुलिस और प्रशासन के काम पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे चिंताजनक बताया है।

Patna - बिहार की राजधानी में एक के बाद एक लगातार हो रही हत्या की घटनाओं ने कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी है। जिसको लेकर विपक्ष के साथ सरकार में शामिल पार्टियों में भी नाराजगी नजर आने लगी है। जिसमें सबसे आगे चिराग पासवान हैं। जिस तरह पारस अस्पताल में घुसकर पैरोल पर छुटे चंदन मिश्रा की हत्या हुई है। उसके बाद चिराग ने सीधे सीधे बिहार पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर ही सवाल उठा दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार कानून व्यस्था चिंता का विषय बन गई है। अपराधी कानून और प्रशासन को चुनौती दे रहे हैं।

आसमान पर है अपराधियों का मनोबल

चिराग ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा - बिहार में कानून व्यवस्था आज एक गंभीर चिंता का विषय बन गई है। प्रतिदिन हत्याएं हो रही है , अपराधियों का मनोबल आसमान पर है। पुलिस - प्रशासन की कार्यशैली समझ से परे है। आज पटना के रिहायशी इलाके में स्थित पारस अस्पताल के अंदर घुसकर अपराधियों द्वारा सरेआम गोलीबारी की घटना इस बात का प्रमाण है कि अपराधी अब कानून और प्रशासन को सीधी चुनौती दे रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बढ़ते अपराधिक मामले चिंताजनक है। उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ठोस और कड़े कदम उठाएगी।

बता दें कि पटना के पारस अस्पताल में हथियारों से लैस अपराधियों ने पैरोल पर जेल से बाहर आए चंदन मिश्रा की हत्या कर दी थी। इस पूरी घटना का सीसीटीवी भी सामने आया  है। जिसमें साफ देखा जा सकता है कि अपराधी आराम से अस्पताल के स्पेशल कमरे में जाकर वारदात को अंजाम देते हैं और वहां से फरार हो जाते हैं।