चिराग पासवान की सुरक्षा बढ़ाने की मांग को लेकर DGP से मिला लोजपा का 7 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल, बड़ी मांग
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस की ओर से अब तक की गई कार्रवाई और चिराग पासवान की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अपनी बात DGP के सामने रखी।
Bihar News : केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान को मिली जान से मारने की धमकी के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग तेज हो गई है। इसी को लेकर बुधवार को LJP (रामविलास) का सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बिहार के DGP विनय कुमार से मुलाकात करने पहुंचा।
प्रदेश अध्यक्ष विवेक विश्वास के नेतृत्व में विधान परिषद सदस्य अशरफ अंसारी और पार्टी विधायक राजू तिवारी समेत सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सरदार पटेल भवन स्थित DGP कार्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने DGP से मुलाकात कर चिराग पासवान को मिली धमकी के मामले में आवश्यक कार्रवाई करने और उनकी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस की ओर से अब तक की गई कार्रवाई और चिराग पासवान की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अपनी बात DGP के सामने रखी। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि धमकी देने वाले व्यक्ति की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
मुलाकात के बाद प्रदेश अध्यक्ष विवेक विश्वास और विधायक राजू तिवारी ने कहा कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि DGP विनय कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है।
पार्टी नेताओं के मुताबिक, चिराग पासवान को पत्र के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस धमकी देने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है। LJP (रामविलास) ने इस मामले में जल्द कार्रवाई के साथ केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और उसे और मजबूत करने की मांग की है।
अनिल की रिपोर्ट