सीएम नीतीश ने विधानसभा में फिर कर दी बड़ी गलती, चिराग के विधायक ने अपनी ही NDA सरकार को घेरा

नीतीश ने कहा ज हम (सत्तापक्ष ) 2002 के साथ यहां बैठे हैं और आप इतनी कम संख्या में हैं. सीएम नीतीश कहना चाहते थे कि हम 202 विधायकों के साथ हैं लेकिन वे विपक्ष को लताड़ते हुए 2002 बोल गए.

Nitish Kumar- फोटो : news4nation

Bihar Vidhan Sabha : बिहार विधानसभा में मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही एक दिन पहले सोमवार को पटना में अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे चौकीदार और दफादार पर लाठीचार्ज के विरोध में विपक्ष ने सरकार को घेरा. वहीं विपक्ष के हंगामे और नारेबाजी के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजद सहित अन्य विपक्षी सदस्यों पर जमकर बरसे. हालांकि विपक्ष पर बरसते हुए सीएम नीतीश ने फिर से कुछ ऐसा बोल दिया कि हर कोई हैरान रह गया. 


202 के बदले 2002

दरअसल, विपक्ष की नारेबाजी और हंगामा को लेकर सीएम नीतीश ने सदन में विरोधियों को जमकर लताड़ा. उन्होंने कहा कि आपलोग (राजद) के शासन में कुछ काम बिहार में नहीं हुआ था. आप बेमतलब की बातें करते हैं. इसी कारण आज सिमट कर इतनी कम संख्या में हो गए हैं. आज हम (सत्तापक्ष ) 2002  के साथ यहां बैठे हैं और आप इतनी कम संख्या में हैं. सीएम नीतीश कहना चाहते थे कि हम 202 विधायकों के साथ हैं लेकिन वे विपक्ष को लताड़ते हुए 2002 बोल गए. उनके 2002 बोलने पर कुछ समय के लिए सभी सदस्य हैरान रह गए. 


वहीं सीएम नीतीश ने कहा कि आगे भी आप सरकार में नहीं आने वाले हैं. उन्होंने हंगामा और टोकाटोकी करने वाले विपक्षी सदस्यों सदस्यों को लताड़ लगाते हुए कहा कि आप चुपचाप बैठिए.  सीएम नीतीश ने लालू-राबड़ी राज का हवाला देते हुए कहा आप लोग के समय में कोई शाम के बाद बाहर नहीं निकलता था. बिहार पूरी तरह से पिछड़ा हुआ था. आज बिहार में हर ओर काम हो रहा है. इसलिए आप लोग हंगामा करना छोड़िए. 


विपक्ष का वेळ में हंगामा 

हालांकि सीएम नीतीश की इस सख्त टिप्पणी के बाद विपक्ष ने वेळ में आकर हंगामा करना शुरू कर दिया. इस दौरान स्पीकर प्रेम कुमार ने मार्शलों को बुलाकर हंगामा कर रहे सदस्यों के हाथों से प्लेकार्ड लेने का आदेश दिया. इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने सदन में कहा कि सरकार चौकीदार और दफादार के मुद्दे को गम्भीरता से देखेगी. वहीं मंत्री विजेंद्र यादव ने कहा कि हम चौकीदार और दफादार के प्रतिनिधि मंडल को बुलाकर उनकी मांगों को सुनेंगे. 


लोजपा की बड़ी मांग

वहीं लोजपा विधायक राजू तिवारी ने चौकीदार और दफादार पर लाठीचार्ज करने वालों पर कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि हमारे नेता (चिराग पासवान) पहले भी मुख्यमंत्री से मिलकर मांग कर चुके हैं कि जैसे पहले बहाली होती थी वैसे ही अब भी बहाली हो. साथ ही लाठीचार्ज में गलती हुई है तो कार्रवाई हो. 


रंजन की रिपोर्ट