Bihar News: बिहार में 2005 के बाद बदले हालात, सीएम नीतीश ने गांधी मैदान से लॉ एंड ऑर्डर को लेकर कह दी बड़ी बात
Bihar News: पटना के गांधी मैदान में सीएम नीतीश ने झंडा फहराने के बाद कई बड़ी बातें सामने रखी। उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है।
पटना के गांधी मैदान में सीएम नीतीश ने झंडोत्तोलन किया। जिसके बाद उन्होंने बिहार की जनता को संबोधित किया। सीएम नीतीश ने पहले बिहार के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी और फिर अपने संबोधिन में सबसे पहले कानून व्यवस्था को लेकर बड़ी बात कही। सीएम नीतीश ने बताया कि 2005 के बाद कैसे बिहार में कानून व्यवस्था सुधरी।
कानून को लेकर सीएम नीतीश का बयान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को बनाए रखना है। उन्होंने याद दिलाया कि 24 नवंबर 2005 को जब उनकी सरकार बनी, तब बिहार में पुलिस बल की संख्या मात्र 22,481 थी, जो जरूरत के हिसाब से बेहद कम थी। इस कमी को पूरा करने के लिए पुलिस भर्ती पर जोर दिया गया।
पुलिस बल में हुई बढ़ोत्तरी
सीएम नीतीश ने बताया कि पुलिस बल की संख्या पहले 1 लाख 10 हजार तक बढ़ाई गई और अब लक्ष्य 2 लाख 29 हजार का रखा गया है। वर्तमान में पुलिस बल 1 लाख 31 हजार तक पहुंच चुका है और नियुक्तियां जारी हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि भर्ती प्रक्रिया में और तेजी लाई जाए, ताकि जल्द से जल्द लक्ष्य पूरा हो सके।
देर रात तक खुले रहते हैं बाजार
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2005 के बाद से बिहार में आपराधिक घटनाओं में कमी आई है और अब राज्य में डर या भय का माहौल नहीं है। आज देर रात तक बाजार खुले रहते हैं और लोग बिना डर-भय के आ-जा रहे हैं।