BiG Breaking: NEET Paper Leak मामले में बड़ी कार्रवाई, मास्टरमाइंड संजीव मुखिया के एक लाख के ईनामी सहयोगी की हुई गिरफ्तारी

NEET Paper Leak: बिहार पुलिस ने NEET पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई की है....

NEET Paper Leak
मास्टरमाइंड संजीव मुखिया के एक लाख के ईनामी सहयोगी की हुई गिरफ्तारी- फोटो : reporter

NEET Paper Leak: बिहार पुलिस ने देश को हिला देने वाले NEET पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पेपर माफिया संजीव मुखिया के बेहद करीबी और लंबे समय से फरार चल रहे 1 लाख रुपये के इनामी सहयोगी राजकिशोर कुमार को दबोच लिया है। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) के सूत्रों ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

राजकिशोर, मूल रूप से अरवल का रहने वाला है और पेपर लीक गिरोह में संजीव मुखिया का सबसे विश्वस्त सहयोगी माना जाता है। 10 अप्रैल 2025 को बिहार पुलिस मुख्यालय ने संजीव मुखिया, नालंदा के शुभम कुमार और राजकिशोर कुमार पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

बता दें कि  सिपाही भर्ती परीक्षा (1 अक्टूबर 2023), शिक्षक भर्ती परीक्षा (15 मार्च 2024) और NEET-UG परीक्षा (1 मई 2024) – तीनों के प्रश्नपत्र लीक हो चुके हैं। जांच में यह बात सामने आई कि इन तीनों ही पेपर लीक का मास्टरमाइंड संजीव मुखिया है। सिपाही भर्ती परीक्षा लीक के बाद तो परीक्षा रद्द भी करनी पड़ी थी।

संजीव मुखिया का आपराधिक सफर नया नहीं है  उसका नाम पहली बार 2010 में पेपर लीक केस में सामने आया, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो सकी। 2016 में वह उत्तराखंड में मेडिकल परीक्षा का पेपर लीक करते हुए पकड़ा गया, मगर सिर्फ दो महीने में सबूतों के अभाव में जमानत मिल गई।

EOU की जांच में खुलासा हुआ है कि संजीव मुखिया अंतरराज्यीय परीक्षा माफिया गिरोह चलाता है, जिसके नेटवर्क में बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, बंगाल, ओडिशा, राजस्थान और मध्य प्रदेश तक के जालसाज शामिल हैं। जैसे ही किसी राज्य में भर्ती या प्रवेश परीक्षा का विज्ञापन निकलता है, यह गिरोह पेपर लीक कराने में सक्रिय हो जाता है।

राजकिशोर की गिरफ्तारी से पुलिस को उम्मीद है कि गिरोह के कई और राज़ सामने आएंगे और संजीव मुखिया की गिरफ्तारी की दिशा में बड़ा सुराग मिलेगा।

रिपोर्ट- कुलदीप भारद्वाज