CM Nitish News: मुख्यमंत्री के रुप में नीतीश कुमार की अंतिम यात्रा आज से शुरु, सुपौल को देंगे इतने करोड़ की सौगात, 213 योजनाओं का शिलान्यास

CM Nitish News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज से समृद्धि यात्रा पर निकलने वाले हैं। सीएम नीतीश का मुख्यमंत्री के रुप में यह आखिरी बिहार यात्रा होगा। इसके बाद अब सीएम नीतीश केंद्र की राजनीति में अपनी भूमिका निभाएंगे।

सुपौर दौरे पर सीएम नीतीश - फोटो : social media

CM Nitish News:  बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2005 में न्याय यात्रा से अपने सियासी सफर की शुरुआत की थी। तब सत्ता पलट हुआ और नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने, तब खुद नीतीश कुमार ने भी नहीं सोचा होगा कि वो 20 सालों तक बिहार के मुख्यमंत्री रहेंगे। वहीं अब सीएम नीतीश की राजनीतिक सफर अपने अगले पड़ाव पर जाने को तैयार है और नीतीश कुमार बिहार की राजनीति का सफर यात्रा से ही खत्म करने जा रहे हैं। सीएम नीतीश आज यानी मंगलवार से अपनी समृद्धि यात्रा पर जाएंगे। आज सीएम नीतीश सुपौल दौरे पर रहेंगे।  

सुपौल को देंगे बड़ी सौगात 

जानकारी अनुसार अपनी यात्रा के दौरान वे करीब 569 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री निर्मली में लगभग दो घंटे 37 मिनट तक रहेंगे और कुल 213 योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। सरकारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 434.46 करोड़ रुपये की 84 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जबकि 134.89 करोड़ रुपये की 129 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

सुबह 10:45 बजे निर्मली पहुंचेंगे सीएम

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह 10:45 बजे निर्मली अनुमंडल कार्यालय के सामने बने नवनिर्मित हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद वे 10:50 बजे निर्मली रिंग बांध (सिपाही चौक) के लिए रवाना होंगे। सुबह 11 बजे सीएम रिंग बांध पहुंचकर उसके जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद 11:05 बजे वहां से निकलकर अनुमंडल कार्यालय परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण करेंगे।

विकास योजनाओं की समीक्षा और जनसंवाद

सुबह 11:10 बजे मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण करेंगे और लाभुकों से संवाद भी करेंगे। इसके बाद 11:40 बजे वे अनुमंडल कार्यालय के सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में शामिल होंगे। दोपहर 12:20 बजे मुख्यमंत्री मंच पर पहुंचकर जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद 1:10 बजे वे हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे और 1:22 बजे Madhepura के लिए रवाना हो जाएंगे।

जीविका दीदियों से करेंगे संवाद

‘समृद्धि यात्रा’ के तहत मुख्यमंत्री जीविका समूह की महिलाओं से भी संवाद करेंगे। इस दौरान वे शराबबंदी के बाद शुरू की गई आजीविका योजनाओं, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान जैसी योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेंगे और लाभुकों से फीडबैक भी प्राप्त करेंगे। प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री की यह यात्रा सुपौल और आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ योजनाओं की जमीनी स्थिति जानने का एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।

कारकेड के लिए 13 स्तर की व्यवस्था

मुख्यमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए कारकेड के लिए 13 स्तर की वाहन व्यवस्था की गई है। इसमें रेगुलेशन मोबाइल, अनुमंडल पदाधिकारी का वाहन, पुलिस अधीक्षक का वाहन, वार्निंग वाहन, एडवांस पायलट वाहन, जिलाधिकारी का वाहन, सिक्योरिटी बॉक्स, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, टेलकटर सहित मंत्री, सांसद, विधायक और विधान पार्षद के वाहन शामिल रहेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक सरथ आरएस ने संयुक्त आदेश जारी कर कार्यक्रम स्थल से पांच किलोमीटर के दायरे को नो-ड्रोन फ्लाई जोन घोषित किया है। साथ ही कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन की भी व्यवस्था की गई है।