CM Nitish News: सीएम नीतीश आज 25 लाख महिलाओं को देंगे 2500 करोड़ रुपये, इनके खाते में जाएगी 2 लाख रुपए की पहली किस्त
CM Nitish News:
CM Nitish News: बिहार की लाखों महिलाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य में महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज 16 फरवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 25 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर करेंगे। यह भुगतान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से किया जाएगा, जिसके तहत कुल 2500 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे। यह कार्यक्रम बिहार सरकार की महिला सशक्तिकरण पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें अपना रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता देना है।
जिला मुख्यालयों में होंगे कार्यक्रम
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 9:45 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राशि जारी करेंगे। इस मौके पर जिला, प्रखंड, संकुल और ग्राम संगठन स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य के सभी 38 जिला मुख्यालयों में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विशेष कार्यक्रम रखे जाएंगे, जहां लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
चरणबद्ध तरीके से मिलेगी 2 लाख रुपये की सहायता
योजना के तहत महिलाओं को कुल 2 लाख रुपये तक की सहायता पांच चरणों में दी जाएगी। पहले चरण में 10 हजार रुपये, दूसरे में 20 हजार रुपये, तीसरे में 40 हजार रुपये, चौथे चरण में 80 हजार रुपये और अंतिम चरण में 60 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस राशि का उद्देश्य महिलाओं को छोटा व्यवसाय या दुकान शुरू करने में मदद देना है, ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।
आगे की किस्त से पहले होगा उपयोग का आकलन
सरकार की ओर से बताया गया है कि पहली किस्त के रूप में दिए गए 10 हजार रुपये के उपयोग का आकलन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी ग्राम संगठन को दी गई है। इसमें देखा जाएगा कि राशि से लाभार्थियों ने कोई व्यवसाय शुरू किया या नहीं और उनके काम में कितनी रुचि है। ग्राम संगठन अपनी रिपोर्ट ब्लॉक स्तर पर भेजेंगे, जिसके आधार पर अगली किस्त जारी करने का निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल पहले चरण में 10-10 हजार रुपये देने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जिससे बड़ी संख्या में महिलाओं को तत्काल आर्थिक सहायता मिल सके।