Bihar Politics: 'जिसको रहना है रहे'...UGC कानून को लेकर राजद विधायक का विवादित बयान, कहा- लेकर रहेंगे 85 प्रतिशत आरक्षण

Bihar Politics: राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने यूजीसी कानून को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हम यूजीसी कानून को लागू करा कर रहेंगे जिसको रहना वो रहे और जिसको नहीं रहना है वो....

भाई वीरेंद्र
भाई वीरेंद्र का विवादित बयान - फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार विधानमंडल का बजट सत्र जारी है। बजट सत्र का आज 10वां दिन है। सदन में आज आरक्षण और यूजीसी कानून को लेकर जबरदस्त बवाल हुआ। राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने दावा किया कि वो यूजीसी कानून लागू करा कर रहेंगे। साथ ही यह भी दावा किया कि वो 85 प्रतिशत आरक्षण भी लेकर रहेंगे। इस दौरान उन्होंने विवादित बयान भी दिया। उन्होंने सर्वणों को लेकर कहा कि रहना है तो रहे नहीं तो घर जाएं।  

 85 प्रतिशत आरक्षण दे सरकार 

राजद विधायक ने बिहार में आरक्षण की सीमा बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि राज्य में जातीय गणना के बाद 65 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया था, लेकिन उसे नौवीं अनुसूची में शामिल नहीं किया गया। अब सरकार को इसे बढ़ाकर 85 प्रतिशत करना चाहिए और इसके लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाना चाहिए।

विपक्ष करेगा समर्थन 

विधायक ने कहा कि अगर राज्य सरकार इस दिशा में कदम उठाती है तो विपक्ष पूरी तरह समर्थन करेगा। उनका कहना था कि पिछड़े, अतिपिछड़े और दलित समुदायों के लिए आरक्षण की सीमा बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि सामाजिक न्याय को और मजबूती मिल सके। उन्होंने इस मांग को लेकर नीतीश कुमार सरकार से पहल करने की अपील की।

लागू करा कर रहेंगे यूजीसी 

राजद विधायक ने यह भी कहा कि यूजीसी को लागू करना जरूरी है और इस मुद्दे पर राजनीति की जा रही है। उनका आरोप था कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के लोगों ने पहले इस विषय को आगे बढ़ाया, फिर अपने ही लोगों के माध्यम से अदालत में इसे रुकवाने की कोशिश की।

जिसका रहना है रहे नहीं रहना है वो....

उन्होंने कहा कि, इस मामले में राजनितिक खेला किया जा रहा है लेकिन हम लोग उसको लेकर रहेंगे। यूजीसी के लिए हमलोग रोड पर भी निकलेंगे और इसको लागू करवाएंगे। वहीं जब पूछा गया कि सर्वणों ने विरोध किया तो उन्होंने झट से कहा कि, कौन विरोध करता है कौन विरोध नहीं करता है..हम 85 प्रतिशत हैं 90 प्रतिशत हैं...हम आगे हैं कि वो आगे हैं। यूजीसी हम लागू करवा कर रहेंगे जिसको जिसको साथ रहना है रहे और जिसको जाना है वो घर जाएं। राजद विधायक के इस विवादित बयान से एक बार फिर बवाल तेज हो सकती है।  

पटना से अमन की रिपोर्ट