Bihar Politics: प्रियंका गाँधी ने बिहार की महिलाओं को ललकारा, कहा आप पलायन के कारण हैं पति से दूर, शक्ति को पहचानिए, आपके बिना सरकार.....
Bihar Politics: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी आज बिहार दौरे पर हैं। प्रियंका ने पटना में महिलाओं से संवाद किया और उन्हें कई मुद्दों पर जागरुक करने की कोशिश की। उन्होंने महिलाओं से कहा कि वो अपनी शक्ति को पहचानें..पढ़िए आगे...
Bihar Politics: कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी ने पटना के सदाकत आश्रम में आयोजित ‘शक्ति अधिकार महिला संवाद’ कार्यक्रम में करीब 2000 महिलाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ताकत और सम्मान को पहचानें।
आपके बिना नहीं बन सकती सरकार
प्रियंका गांधी ने कहा कि आप अपनी शक्ति को नहीं पहचानती हैं, लेकिन पार्टियां इसे अच्छी तरह समझ रही हैं। इसी वजह से चुनाव से पहले आपको पैसे दिए जा रहे हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि आपके समर्थन के बिना वे सरकार नहीं बना सकते।
पलायन के कारण रहना पड़ता है अकेले
रोजगार और पलायन के मुद्दे पर उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि रोजगार के अभाव में महिलाएं घर संभालती हैं और पुरुषों को मजदूरी के लिए बाहर जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार और समाज का बोझ उठाती हैं, लेकिन सरकार उन्हें सशक्त करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाती।
वोट चोर गद्दी छोड़ के लगे नारे
कार्यक्रम में शामिल घरेलू कामगार, मनरेगा मजदूर, जीविका दीदी, आंगनबाड़ी सेविका, आशा वर्कर, वकील और डॉक्टर जैसी पेशेवर महिलाओं ने मंच से अपनी समस्याएं साझा कीं। वहीं संवाद के बाद प्रियंका गांधी ने मंच पर मौजूद महिलाओं के साथ सेल्फी ली और ‘हम होंगे कामयाब’ गीत भी गाया। कार्यक्रम से पहले उपस्थित महिलाओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाए।
मोतिहारी में करेंगी रैली
महिला संवाद के बाद प्रियंका गांधी मोतिहारी के गांधी मैदान रवाना हो गईं, जहां वह ‘हर घर अधिकार रैली’ में जनसभा को संबोधित करेंगी। बताया गया कि इस रैली में 20 हजार से अधिक महिलाओं की भागीदारी होगी। जनसभा के लिए तैयार पंडाल में 40 हजार से ज्यादा कुर्सियां लगाई गई हैं। प्रियंका गांधी हेलिकॉप्टर से मोतिहारी पुलिस लाइन पहुंचेंगी और वहां से बंद गाड़ी से सभा स्थल जाएंगी। उनके साथ मंच पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू समेत पार्टी के सांसद मौजूद रहेंगे।