Bihar Politics: पेट्रोल-डीजल कीमतों पर सियासी बयानबाज़ी तेज, उपमुख्यमंत्री का बड़ा दावा-केंद्र सरकार नियंत्रित तरीके से बढ़ा रही दाम

Bihar Politics: उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने इस मुद्दे पर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और वैश्विक संकट के कारण ईंधन की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा ...

पेट्रोल-डीजल कीमतों पर सियासी बयानबाज़ी तेज- फोटो : reporter

Bihar Politics:  बिहार की राजनीति में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर बहस तेज हो गई है। इसी बीच राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने इस मुद्दे पर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और वैश्विक संकट के कारण ईंधन की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, और इसे नियंत्रित तरीके से एडजस्ट किया जा रहा है ताकि आम जनता पर अत्यधिक बोझ न पड़े।

उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया आर्थिक और ऊर्जा संकट के दौर से गुजर रही है, ऐसे में कीमतों का असर भारत पर भी पड़ना स्वाभाविक है। उनके अनुसार केंद्र सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और उपभोक्ताओं को राहत देने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार की मजबूरी के कारण दामों में बढ़ोतरी रोकना पूरी तरह संभव नहीं है।

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने यह भी कहा कि मौजूदा हालात में सरकार का प्रयास है कि संतुलन बनाकर ही कदम उठाए जाएं, ताकि जनता पर एक साथ बड़ा आर्थिक दबाव न पड़े। उन्होंने दावा किया कि जो भी निर्णय लिए जा रहे हैं, वे वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर ही किए जा रहे हैं।

इसी दौरान विजय कुमार चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही प्रशंसा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रधानमंत्री की सराहना केवल व्यक्तिगत प्रशंसा नहीं है, बल्कि यह पूरे देश के लिए सम्मान की बात है।उनके अनुसार यह इस बात का संकेत है कि भारत की नीतियों और नेतृत्व की चर्चा अब वैश्विक मंच पर हो रही है और दुनिया के बड़े नेता भी भारत की भूमिका को स्वीकार कर रहे हैं।

हालांकि विपक्ष लगातार ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर सवाल उठा रहा है और आम जनता पर बढ़ते आर्थिक दबाव को मुद्दा बना रहा है।फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर सियासी बयानबाज़ी जारी है, जबकि आम जनता महंगाई की मार से राहत की उम्मीद लगाए बैठी है।

रिपोर्ट- अभिजीत सिंह