लालू परिवार का दिल्ली में जश्न! पोते लालू विराज यादव के पहले बर्थडे सेलिब्रेशन में सियासी हलचल! कई बड़े नेताओं के पहुंचने की चर्चा से बढ़ी दिलचस्पी
Bihar Politics: राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर लालू परिवार का निजी आयोजन सुर्खियों में आ गया है। ...
Bihar Politics: राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर लालू परिवार का निजी आयोजन सुर्खियों में आ गया है। राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पोते लाल विराज यादव का पहला जन्मदिन इस बार दिल्ली में बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है, जिसे लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार यह भव्य आयोजन दिल्ली-एनसीआर के गाजियाबाद स्थित रागिनी यादव के फार्म हाउस पर 27 तारीख को प्रस्तावित है। इस पारिवारिक समारोह में लालू परिवार के सभी सदस्य, रिश्तेदार और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
बताया जा रहा है कि इस मौके पर राष्ट्रीय जनता दल के लगभग सभी सांसद, विधायक और विधान पार्षदों के पहुंचने की संभावना है, जिससे यह आयोजन एक तरह से राजनीतिक और पारिवारिक दोनों मंच बन गया है।सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है। पारिवारिक संबंधों के चलते उनके निजी तौर पर कार्यक्रम में शामिल होने की चर्चा तेज है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।इसके अलावा अन्य राजनीतिक दलों के राष्ट्रीय अध्यक्षों के आने को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन अभी तक किसी भी स्तर पर आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
इधर बिहार की राजधानी पटना में भी इस आयोजन को लेकर खासा माहौल देखने को मिल रहा है। राजधानी के कई हिस्सों में और विशेष रूप से 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास के सामने बधाई संदेश वाले पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टरों में “हैप्पी बर्थडे लाल विराज” और “आप सदा खुश रहें और समाज का नाम रोशन करें” जैसे संदेश लिखे गए हैं, जिससे समर्थकों में उत्साह का माहौल है। यह आयोजन केवल एक पारिवारिक जन्मदिन समारोह नहीं, बल्कि राजनीतिक समीकरणों और रिश्तों की एक अनौपचारिक झलक के रूप में भी देखा जा रहा है, जहां कई दिग्गज नेताओं की मौजूदगी इसकी अहमियत को और बढ़ा देती है।
रिपोर्ट- रंजन कुमार