बांकीपुर उपचुनाव की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, बारिश को देखते हुए दिए विशेष निर्देश, डिस्पैच सेंटर से मतगणना केंद्र तक सुरक्षा कड़ी करने का आदेश

Bankipur By-Election:जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कुन्दन कुमार ने शनिवार को बालिका उच्च विद्यालय, बांकीपुर स्थित डिस्पैच सेंटर और ए.एन. कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।...

बांकीपुर उपचुनाव की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा- फोटो : reporter

Patna: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कुन्दन कुमार ने शनिवार को बालिका उच्च विद्यालय, बांकीपुर स्थित डिस्पैच सेंटर और ए.एन. कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून और संभावित बारिश को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि मतदान प्रक्रिया और मतगणना के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

उन्होंने विशेष रूप से डिस्पैच सेंटर और मतगणना केंद्र पर अनवरत बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वैकल्पिक बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह तैयार रखने को कहा, ताकि किसी आपात स्थिति में निर्वाचन कार्य प्रभावित न हो।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि दोनों स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए और प्रत्येक महत्वपूर्ण स्थान पर सीसीटीवी कैमरे समय पर स्थापित कर उनकी निगरानी व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए और डिस्पैच सेंटर से लेकर मतगणना केंद्र तक सभी व्यवस्थाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।प्रशासन का उद्देश्य है कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की पूरी प्रक्रिया सुरक्षित, पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न हो तथा मतदाताओं और निर्वाचन कर्मियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार