Bihar News: चना दाल घोटाले में ED के सामने 8 घंटे तक घिरे सुनील सिंह! 30 सवालों की बौछार, बाहर निकलते ही बोले- दाल से मकान बनता है क्या?

Bihar News: बिहार की राजनीति में चना दाल खरीद-बिक्री का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। ...

दाल से मकान बनता है क्या?- फोटो : social Media

Bihar News: बिहार की राजनीति में चना दाल खरीद-बिक्री का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। लालू परिवार के करीबी और राजद विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह से प्रवर्तन निदेशालय  ने करीब आठ घंटे तक पूछताछ की। बिस्कोमान के पूर्व चेयरमैन रहते हुए कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर जांच एजेंसी ने उनसे लगभग 30 सवाल पूछे। इस मामले में उनकी पत्नी और बेटे की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

गुरुवार को सुनील सिंह अपने वकील के साथ पटना स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे। इससे पहले एजेंसी उन्हें दो बार समन भेज चुकी थी, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए थे। तीसरे समन पर पेश होने के बाद अधिकारियों ने उनसे बिस्कोमान और उससे जुड़ी सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली, चना दाल की खरीदारी, आपूर्ति और बिक्री से जुड़े सवाल किए।

दरअसल, आरोप है कि बिस्कोमान के जरिए रियायती दर पर भारत चना दाल उपलब्ध कराने का भरोसा देकर लोगों से पैसे लिए गए, लेकिन भुगतान के बावजूद दाल की आपूर्ति नहीं हुई और रकम भी वापस नहीं की गई। शिकायत के मुताबिक, सुनील सिंह पर 23.65 लाख रुपये और उनकी पत्नी बंदना तथा बेटे पर कुल 3.71 लाख रुपये की कथित गड़बड़ी का आरोप है। इस तरह शिकायत में कुल रकम 27.36 लाख रुपये बताई गई है।

ईडी अब पैसों के लेन-देन और कथित वित्तीय अनियमितताओं की पड़ताल कर रही है। मीडिया रिपोर्टों में एजेंसी की जांच का दायरा 50 से 60 लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन तक बताया गया है।

पूछताछ के बाद बाहर निकले सुनील सिंह ने सभी आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि पूरा मामला फर्जी है और उन्होंने अधिकारियों को सभी सवालों के जवाब साक्ष्यों के साथ दिए हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "दाल घोटाला क्या होता है? दाल से मकान बनता है क्या?" फिलहाल मामले में ईडी की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।