Bihar Health News: सरकारी अस्पतालों में इलाज के नाम पर मरीजों को झटका! 22 फीसदी दवाएं गायब, पटना में बीपी-शुगर और बुखार की दवाओं का भी टोटा

Bihar Health News:बिहार के सरकारी अस्पतालों में इलाज कराना मरीजों की जेब पर भारी पड़ रहा है। ...

Bihar Health News: सरकारी अस्पतालों में इलाज के नाम पर मरीजो
पटना में बीपी-शुगर और बुखार की दवाओं का टोटा- फोटो : X

Bihar Health News:बिहार के सरकारी अस्पतालों में इलाज कराना मरीजों की जेब पर भारी पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की अक्टूबर महीने की समीक्षा में दवाओं की उपलब्धता को लेकर चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मुफ्त मिलने वाली करीब 22 प्रतिशत दवाएं उपलब्ध नहीं हैं। यानी अस्पतालों में मरीजों को निर्धारित दवाओं में से महज 78 प्रतिशत ही मिल पा रही हैं। ऐसे में गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बाहर की मेडिकल दुकानों से महंगी दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं।

राजधानी पटना के सरकारी अस्पतालों की हालत भी चिंताजनक है। पटना साहिब स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल समेत प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 19 महत्वपूर्ण दवाओं का स्टॉक खत्म बताया गया है। इनमें डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, हृदय रोग, बुखार, संक्रमण और सांस संबंधी बीमारियों की दवाएं शामिल हैं। पैरासिटामोल, मेटफॉर्मिन, टेल्मिसार्टन, एस्पिरिन, एंटीबायोटिक और आई ड्रॉप जैसी दवाओं की कमी से मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। जिला औषधि भंडार के अनुसार, कई दवाओं का स्टॉक करीब 15 दिनों से खत्म है।

दवाओं की कमी के साथ उनकी गुणवत्ता भी सवालों के घेरे में है। विभागीय समीक्षा के मुताबिक, राज्य के केवल 67 प्रतिशत स्वास्थ्य संस्थानों में एक्सपायरी या घटिया गुणवत्ता की दवाएं नहीं मिलीं। लखीसराय, जमुई और बेगूसराय गुणवत्ता अनुपालन में निचले पायदान पर रहे, जबकि गोपालगंज, सहरसा और मुजफ्फरपुर की स्थिति बेहतर रही।

उधर, औषधि नियंत्रण विभाग ने पटना समेत 18 जिलों में 34 दवा प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। शुरुआती जांच में 17 से अधिक दुकानों में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। पटना की मुरली फार्मा में क्यूआर कोड और बिक्री रिकॉर्ड से जुड़ी खामियां मिलीं। पॉपुलर से पांच दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। सागर मेडिको से चार आयुर्वेदिक दवाओं के नमूने लेकर एलोपैथिक तत्वों की आशंका की जांच की जा रही है।