पटना में अवैध हथियार, कारतूस और शराब के साथ 5 शातिर अपराधी गिरफ्तार; किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की रच रहे थे साजिश

पटना के बिहटा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस 5 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अवैध हथियार, कारतूस और शराब बरामद किये गये है......

हथियार के साथ पांच शातिर अपराधी गिरफ्तार- फोटो : अनिल कुमार

Patna : पटना पुलिस को बिहटा थाना क्षेत्र में बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बहपुरा बाजार सनराइज सिटी कार्यालय के पास छापेमारी कर शराब पार्टी कर रहे और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे 5 अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 1 देसी कार्बाइन, 1 देसी कट्टा, 34 जिंदा कारतूस, 44 खोखा, 4 मोबाइल, 1 मोटरसाइकिल और 300 एमएल विदेशी शराब बरामद की गई है। इस संबंध में बिहटा थाना कांड संख्या-737/26 के तहत आर्म्स एक्ट, उत्पाद अधिनियम और बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


इलाके में वर्चस्व कायम करने के लिए फैला रखा था खौफ, पुलिस ने टीम गठित कर की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना वर्चस्व कायम करने के लिए बिहटा के बहपुरा बाजार इलाके में अवैध हथियारों के बल पर डर का माहौल बना रखा था। 26 जुलाई 2026 की शाम पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ अपराधी शराब पार्टी के साथ हथियार चमकाकर अपराध की साजिश रच रहे हैं। सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-02, दानापुर के नेतृत्व में बिहटा थानाध्यक्ष एवं पुलिस टीम द्वारा त्वरित छापेमारी की गई और मौके से सभी 5 आरोपियों को दबोच लिया गया।


गिरफ्तार अभियुक्तों में मनेर के 5 शातिर शामिल, कई का है पुराना आपराधिक इतिहास

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए पांचों अभियुक्त पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र स्थित 'मौला' गांव के रहने वाले हैं। पकड़े गए अपराधियों में रौशन कुमार (19 वर्ष), हिमांशु कुमार उर्फ सोनू कुमार (21 वर्ष), सुजीत कुमार (19 वर्ष), शशि कुमार (23 वर्ष) और धीरज कुमार (22 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त हिमांशु कुमार, रौशन कुमार और धीरज कुमार का पहले से भी गंभीर धाराओं में आपराधिक इतिहास दर्ज है।


रानीतालाब, बिहटा और मनेर थाने में दर्ज हैं पहले से कई गंभीर मामले

जांच में सामने आया है कि हिमांशु कुमार पर रानीतालाब और बिहटा थाने में आर्म्स एक्ट, एससी/एसटी एक्ट तथा मारपीट के तीन मामले दर्ज हैं। वहीं, रौशन कुमार पर बिहटा और मनेर थाने में जानलेवा हमला, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा धीरज कुमार पर भी बिहटा थाने में बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज है। पुलिस इन सभी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालते हुए अन्य मामलों में भी इनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।


छापेमारी टीम में बिहटा थाने के अधिकारी एवं सशस्त्र बल रहे शामिल

सफल छापेमारी करने वाली पुलिस टीम में बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक (पु०अ०नि०) विकेश कुमार, राजू कुमार सिंह, कृष्णा कुमार, मुकेश नारायण सिंह, सुजीत कुमार, मो० अली रजा, रमेश कुमार के साथ-साथ सहायक पुलिस अवर निरीक्षक (स०अ०नि०) रामलखन सिंह, प्रवीण कुमार, सलाउद्दीन अंसारी, सुरेंद्र कुमार और बिहटा थाने का सशस्त्र बल शामिल रहा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।


अनिल की रिपोर्ट