LPG cylinder New Rule: आधी रात से बदल गए गैस के नियम! कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पर रोक, घरेलू पर भी लगी पाबंदी, मध्य पूर्व तनाव ने बढ़ाई टेंशन

LPG cylinder New Rule: देश भर में गैस सिलेंडरों की किल्लत देखने को मिल रहा है। मध्य पूर्व में तनाव के कारण यह स्थित बनी हुई है। इसी बीच कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पर रोक लगा दी गई है तो वहीं घरेलू गैस पर भी पाबंदी लगा दिया गया है।

गैस सिलेंडर को लेकर नया नियम लागू ! - फोटो : social media

LPG cylinder New Rule: देश भर में गैस सिलेंडरों की सप्लाई को लेकर एक बहुत बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। आधी रात से अचानक लागू हुए नए सरकारी आदेशों के बाद, न केवल कमर्शियल गैस सिलेंडरों की डिलीवरी को पूरी तरह से रोक दिया गया है, बल्कि घरेलू गैस सिलेंडरों के लिए भी सख्त पाबंदियां और नए नियम लागू कर दिए गए हैं। इस फैसले का सीधा असर उन घरों पर पड़ा है, जहाँ इस समय शादियाँ चल रही हैं। शादी वाले घरों में अब खाना पकाने को लेकर भारी संकट खड़ा हो गया है। गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लम्बी कतारें लगनी शुरू हो गई हैं और असमंजस का माहौल है। 

पेट्रोलियम कंपनियों का सख्त आदेश 

बता दें कि, मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात के कारण ये स्थिति बनी है और अब इसका असर भारत में एलपीजी गैस की आपूर्ति पर भी पड़ने लगा है। वैश्विक स्तर पर आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने गैस वितरण को लेकर सख्त कदम उठाए हैं। ताजा निर्देशों के मुताबिक 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सामान्य आपूर्ति पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है, जबकि घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किग्रा) के कोटे में भी 20 से 25 प्रतिशत तक कटौती करने का निर्देश दिया गया है। कमर्शियल सिलेंडर की डिलीवरी पर रोक लगने से होटल, रेस्टोरेंट और शादी-विवाह जैसे आयोजनों में गैस की किल्लत की आशंका बढ़ गई है।

कमर्शियल सिलेंडर पर रोक, अस्पतालों को राहत

सोमवार को पेट्रोलियम कंपनियों के राज्य स्तरीय अधिकारियों और गैस एजेंसी संचालकों के बीच हुई वर्चुअल बैठक में इन नए निर्देशों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि वैश्विक हालात को देखते हुए गैस की राशनिंग जरूरी हो गई है। अब होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और छोटे खान-पान के कारोबारियों को 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल सिलेंडर आसानी से उपलब्ध नहीं होगा। इसकी सामान्य आपूर्ति फिलहाल रोक दी गई है। हालांकि मानवीय आधार पर अस्पतालों और छात्रावासों को विशेष अनुमति के साथ कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।

घरेलू गैस के लिए ‘12 सिलेंडर’ नियम सख्ती से लागू

घरेलू उपभोक्ताओं के लिए भी अब गैस सिलेंडर लेना पहले की तुलना में मुश्किल हो सकता है। पेट्रोलियम कंपनियों ने एक वित्तीय वर्ष में 12 सिलेंडर के पुराने नियम को सख्ती से लागू कर दिया है। जिन उपभोक्ताओं ने चालू वित्तीय वर्ष में अपने 12 सिलेंडर ले लिए हैं, उनकी नई बुकिंग पर सिस्टम ने स्वतः रोक लगा दी है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अब गैस सिलेंडर की बुकिंग केवल टोल-फ्री नंबर या आधिकारिक मोबाइल ऐप के माध्यम से ही की जा सकेगी। वहीं डिलीवरी के समय ग्राहक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आने वाले ओटीपी का सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है। बिना ओटीपी के सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जाएगी।

अधिकारियों ने दी प्रतिक्रिया

इस मामले में स्थानीय प्रशासन फिलहाल सतर्क रुख अपनाए हुए है। गोरखपुर के जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कमर्शियल सिलेंडर पर रोक को लेकर अभी कंपनियों की ओर से कोई आधिकारिक लिखित सूचना नहीं मिली है। हालांकि मंगलवार को पेट्रोलियम कंपनियों और गैस एजेंसी संचालकों की एक अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें गैस के स्टॉक, राशनिंग व्यवस्था और आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की जाएगी, ताकि आम उपभोक्ताओं को कम से कम परेशानी हो।

मंत्रालय ने रिफाइनरियों को दिया सख्त निर्देश 

जानकारी अनुसार पेट्रोलियम मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है कि रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने घरेलू LPG सप्लाई को प्राथमिकता देने का फैसला किया है और जमाखोरी रोकने के लिए 25 दिन का इंटर-बुकिंग पीरियड लागू किया है। मंत्रालय ने साफ किया है कि फिलहाल पेट्रोल और डीज़ल के दाम नहीं बढ़ेंगे। यह कदम ऊर्जा संकट के बीच आम लोगों को राहत देने के लिए उठाया गया है।