गौरव राय की पहल पर पुण्यतिथि को बनाया सेवा का अवसर, बच्चों को मिला सहयोग, बांटी गई सिलाई मशीन
गौरव राय ने बताया कि उनका उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। आपसी सहयोग से अब तक पूरे बिहार में 354 सिलाई मशीनों का वितरण किया जा चुका है। साथ ही अक्सर बच्चों की पढ़ाई के लिए सहयोग करते हैं
Bihar News : समाजसेवा के जरिए अपनों की स्मृतियों को जीवंत रखने की पहल कर रहे पटना के गौरव राय ने अपने ससुर स्वर्गीय कृष्णदेव सिंह की पुण्यतिथि को सेवा और सहयोग के अवसर में बदल दिया। 20 नवंबर को बिग्रहपुर में आयोजित कार्यक्रम में जरूरतमंद महिलाओं को स्वरोजगार के साधन उपलब्ध कराए गए, वहीं बच्चों को सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़े और अन्य जरूरी सामान दिए गए।
कार्यक्रम में बेगूसराय की सुमन कुमारी को स्वरोजगार के लिए सिलाई मशीन प्रदान की गई। यह मशीन प्रसार भारती के सदस्य राजीव भारद्वाज के सहयोग से दी गई। इसके अलावा तीन महिलाओं को प्रेशर कुकर और एक महिला को इंडक्शन चूल्हा दिया गया। वहीं करीब नौ बच्चों को जैकेट, टी-शर्ट, जूते-चप्पल, कुर्ता और पैंट सहित जरूरत का सामान उपलब्ध कराया गया।
गौरव राय ने बताया कि उनके ससुर स्वर्गीय कृष्णदेव सिंह, निवासी रामपुर, जिला लखीसराय की पुण्यतिथि पर परिवार ने मिलकर जरूरतमंदों की सहायता करने का निर्णय लिया था। इस आयोजन में उनकी पुत्रियों ने भी सहयोग किया। उन्होंने कहा कि पूजा-पाठ और दान-पुण्य का अपना महत्व है, लेकिन जरूरतमंदों की वास्तविक आवश्यकताओं को पूरा करने से विशेष संतुष्टि मिलती है।
राजीव भारद्वाज ने अपने संदेश में कहा कि पुण्यतिथि पर लोगों की सहायता करने का अवसर मिलना उनके लिए खुशी की बात है। वहीं लाभार्थियों के चयन में भूमिहार महिला समाज की श्रीमती प्रीति प्रिया ने सहयोग किया। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों से गौरव राय की ओर से उनके संगठन को सिलाई मशीन, साइकिल और बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराने में मदद मिलती रही है।
गौरव राय ने बताया कि उनका उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। आपसी सहयोग से अब तक पूरे बिहार में 354 सिलाई मशीनों का वितरण किया जा चुका है। इससे कई महिलाएं घर बैठे सिलाई का काम कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस अभियान में उनका परिवार, मित्र और सोशल मीडिया के माध्यम से जुड़े लोग सहयोग कर रहे हैं। इसके लिए कोई एनजीओ नहीं चलाया जा रहा है। सर्दी को देखते हुए इस बार कार्यालय के आसपास रहने वाले बच्चों को भी गर्म कपड़े दिए गए।
कार्यक्रम के अंत में स्वर्गीय कृष्णदेव सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। गौरव राय ने कहा कि परिवार ने निर्णय लिया है कि प्रत्येक वर्ष उनकी पुण्यतिथि पर इसी तरह जरूरतमंदों की मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि अब कई लोग अपने प्रियजनों की पुण्यतिथि और शुभ अवसरों पर दूसरों की सहायता के लिए आगे आ रहे हैं।