गोपालगंज के इस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गंभीर अनियमितता पर शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, प्रधानाध्यापक व शिक्षक निलंबित

गोपालगंज जिले के थावे प्रखंड स्थित एक विद्यालय में बिना विभागीय अनुमति 11वीं की छह छात्राओं को राजगीर भ्रमण पर ले जाने समेत कई आरोप सही पाए जाने के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापक व शिक्षक को सस्पेंड कर दिया है...

गोपालगंज के इस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गंभीर अनियमितता
शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई- फोटो : नमो नारायण मिश्रा

Gopalganj : जिले के थावे प्रखंड स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वृंदावन में शिक्षकों की कार्यशैली और विद्यालय संचालन में बरती गई अनियमितताओं को लेकर शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला शिक्षा पदाधिकारी की जांच रिपोर्ट में कई गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद विभाग ने प्रधानाध्यापक कृष्ण भगवान यादव और शिक्षक एहसान अख्तर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।


अभिभावकों को सरकारी योजना का हवाला देकर ली थी सहमति, प्रधानाध्यापक पर सूचना छिपाने का आरोप

जांच रिपोर्ट के अनुसार, शिक्षक एहसान अख्तर बिना किसी विभागीय अनुमति के कक्षा 11वीं की छह छात्राओं को 2 से 5 अक्टूबर के बीच राजगीर भ्रमण पर ले गए थे। आरोप है कि इस भ्रमण के लिए अभिभावकों को सरकारी योजना के तहत यात्रा कराए जाने की जानकारी देकर उनकी सहमति ली गई थी। 


वहीं, प्रधानाध्यापक कृष्ण भगवान यादव पर पूरे प्रकरण की जानकारी होने के बावजूद वरीय अधिकारियों को सूचित नहीं करने का आरोप है। इसके अतिरिक्त विद्यालय में उपस्थिति दर्ज कर गायब रहने, परीक्षा संचालन में अनियमितता और विद्यालय प्रबंधन में गड़बड़ी से जुड़ी शिकायतें भी जांच में सही पाई गई हैं।


शिक्षक से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, शिक्षा मंत्री ने दिए थे त्वरित कार्रवाई के निर्देश

इस प्रकरण से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीणों और कुछ अन्य लोगों द्वारा शिक्षक के साथ मारपीट किए जाने के दृश्य दिख रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की परिस्थितियों और घटना के पूरे ब्योरे की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी शेष है। इससे पहले मामले की जानकारी मिलने पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे और स्पष्ट किया था कि छात्राओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभागीय निलंबन के बाद अब आगे की प्रशासनिक कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।


नमो नारायण की रिपोर्ट