अदानी समूह बदलेगा बिहार की तस्वीर, 150 करोड़ की अस्पताल परियोजना का गौतम अडानी ने किया शुभारंभ

गौतम अडानी ने कहा कि बिहार तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर, हेल्थ, एजुकेशन और सोशल डेवलपमेंट के क्षेत्र में बड़े निवेश की संभावनाएं हैं।

Gautam Adani- फोटो : news4nation

Adani in Bihar : बिहार को अडानी समूह के प्रमुख गौतम अडानी ने रविवार को बड़ा तोहफा दिया है। सारण जिले के मस्तीचक में आज स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत हुई, जहां गौतम अडानी ने अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल और Adani Group के सहयोग से नई नेत्र चिकित्सा परियोजनाओं का भूमि पूजन किया। इस पहल के जरिए बिहार में विश्वस्तरीय नेत्र चिकित्सा नेटवर्क विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।  कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल में अत्याधुनिक “सेंटर फॉर आई डिजीज” और “एडवांस ट्रेनिंग सेंटर फॉर ऑप्थल्मोलॉजी मेडिकल एजुकेशन” विकसित किया जाएगा। करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना का उद्देश्य बिहार को नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में देश का अग्रणी केंद्र बनाना है।


परियोजना के तहत मोबाइल मेडिकल वैन के जरिए गांव-गांव तक नेत्र जांच और इलाज की सुविधा पहुंचाई जाएगी। लोगों को कम खर्च में विश्वस्तरीय इलाज उपलब्ध कराने के साथ मेडिकल शिक्षा, रिसर्च और विशेषज्ञ प्रशिक्षण को भी बढ़ावा दिया जाएगा। ग्रामीण इलाकों के मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है।


गौतम अडानी ने कहा कि बिहार तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर, हेल्थ, एजुकेशन और सोशल डेवलपमेंट के क्षेत्र में बड़े निवेश की संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि अदानी समूह बिहार में सड़क, लॉजिस्टिक, सामाजिक बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए भी काम करेगा।


उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जिक्र करते हुए कहा कि वह युवा नेतृत्व का प्रतिनिधित्व करते हैं और अदानी समूह उनके साथ मिलकर विकसित बिहार के निर्माण की दिशा में काम करेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मस्तीचक और आसपास के इलाकों में इस स्वास्थ्य परियोजना को लेकर खासा उत्साह देखा गया। लोगों का मानना है कि इस पहल से न सिर्फ स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव आएगा, बल्कि रोजगार, मेडिकल शिक्षा और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे।

वंदना की रिपोर्ट