बिहार में पुराने वाहनों की स्क्रैपिंग कराएं और पाएं बड़ा फायदा, सम्राट सरकार की अनोखी पहल
बिहार मंत्रिपरिषद की बैठक में वाहन स्क्रैपिंग से संबंधित प्रावधानों में संशोधन को दी गई मंजूरी के बाद राज्य में पुराने वाहनों को स्क्रैपिंग कराने और नए वाहनों की खरीद पर बड़ा फायदा होगा.
Bihar News : बिहार सरकार ने स्वच्छ पर्यावरण, सड़क सुरक्षा तथा आम वाहन मालिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुराने वाहनों के वाहन स्क्रैपिंग प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं जनहितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश के आलोक में मंत्रीपरिषद की बैठक में गैर-सरकारी वाहनों की स्क्रैपिंग हेतु निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया SOP में संशोधनों को मंजूरी प्रदान की है।
नए वाहन खरीदने पर कर में मिलेगी छूट
नए प्रावधान में वाहन स्क्रैपिंग योजना का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया और सरल हो जाएगी। वाहन मालिकों को स्क्रैप कराये गये वाहनों के विरुद्ध प्राप्त सर्टिफिकेट ऑफ डिपॉजिट (COD) के आधार पर समकक्ष नये वाहन की खरीद करने पर मोटरवाहन कर में छूट का लाभ मिल सकेगा। वाहन स्वामी आसानी से अपने पुराने वाहनों के स्थान पर नए, सुरक्षित, ईंधन-कुशल एवं पर्यावरण-अनुकूल वाहन खरीद सकेंगे।
मोटरवाहन कर में 50 प्रतिशत तक की मिलेगी छूट
वर्तमान व्यवस्था के तहत यदि कोई वाहन स्वामी अपने पुराने वाहन को अधिकृत RVSF में स्क्रैप कराता है, तो उसे COD प्रदान किया जाता है। इस प्रमाण-पत्र के आधार पर नया वाहन खरीदने एवं उसके निबंधन के समय वाहन स्वामी को मोटरयान कर में निर्धारित श्रेणी के अनुसार छूट का लाभ प्राप्त होता है। वर्तमान में गैर-परिवहन वाहनों पर 25 प्रतिशत, परिवहन वाहनों पर 15 प्रतिशत तथा कुछ विशेष श्रेणी के भारत स्टेज-1 तथा भारत स्टेज-2 के अनुसार निर्मित सभी मध्यम और भारी मालयान/यात्री मोटरयान पर 50 प्रतिशत तक मोटरयान कर में छूट का प्रावधान है।
पर्यावरण संरक्षण और सड़क सुरक्षा को मिलेगा बल
पुराने एवं प्रदूषणकारी वाहनों को हटाने से वायु प्रदूषण में कमी आएगी, ईंधन की बचत होगी तथा सड़क सुरक्षा में सुधार होगा। वैज्ञानिक तरीके से वाहन स्क्रैपिंग होने से पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को भी कम किया जा सकेगा।
प्रदूषण कम करने दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम
परिवहन विभाग मंत्री श्री दामोदर रावत ने बताया कि राज्य सरकार स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन व्यवस्था के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकृत स्क्रैपिंग केंद्रों के माध्यम से पुराने वाहनों के निस्तारण की व्यवस्था से सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण दोनों उद्देश्यों को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय हरित व्यवस्था को बढ़ावा देने तथा प्रदूषण कम करने दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि वाहन स्क्रैपिंग की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, सुगम और नागरिक हितैषी हो।