Bihar Global Convention 2027: बिहार की तकदीर बदलने के लिए पटना में लगेगा दिग्गजों का जमावड़ा! AI, स्टार्टअप और औद्योगिकीकरण पर होगा महामंथन

Bihar Global Convention 2027:बिहार को विकसित राज्य बनाने के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। ...

बिहार के विकास का बनेगा मेगा रोडमैप!- फोटो : X

Bihar Global Convention 2027: बिहार को विकसित राज्य बनाने के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने देश-विदेश में बसे विद्वानों, विशेषज्ञों, नीति-निर्माताओं, उद्योगपतियों और बिहार प्रवासी समुदाय के लोगों से आग्रह किया है कि वे ग्लोबल कन्वेंशन ऑन ट्रांसफॉर्मिंग बिहार 2027 में शामिल हों। यह सम्मेलन 12 और 13 जनवरी 2027 को पटना स्थित सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा। 

उप-मुख्यमंत्री स्वयं इस सम्मेलन के संरक्षक हैं।सोमवार को पटना के होटल मौर्या में आयोजित प्रेस सम्मेलन के दौरान उप-मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम के आधिकारिक पोर्टल http://www.biharconvention27.com का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विकसित बिहार की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। इस सपने को सफल बनाने के लिए देश-विदेश में बसे लोग आगे आएं और अपना योगदान दें। सम्मेलन तीन मुख्य विषयों-औद्योगिकीकरण को गति देना, सतत शहरीकरण का प्रबंधन तथा शिक्षा और कौशल का विकास पर केंद्रित रहेगा।

उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मेलन बिहार के विकास की नई गाथा लिखने की दिशा में एक बड़ा कदम है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में वर्ष 2007 के ग्लोबल मीट ऑन रिसर्जेंट बिहार और 2012 के ग्लोबल समिट ऑन चेंजिंग बिहार ने राज्य की प्रगति को राष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में लाया था। अब 2027 का सम्मेलन वर्ष 2047 तक विकसित बिहार के सपने को साकार करने के लिए एक नई रूपरेखा तैयार करेगा। उन्होंने प्रतिभाशाली युवाओं को राज्य का भविष्य बताते हुए कहा कि सरकार नीति निर्माण और योजनाओं में उनकी भागीदारी सुनिश्चित कर रही है। सम्मेलन से निकलने वाले व्यावहारिक सुझावों पर सरकार गंभीरता से काम करेगी।उद्योग विभाग के सचिव एवं बिहार फाउंडेशन के सीईओ कुंदन कुमार ने बताया कि यह सम्मेलन इंस्टीट्यूट फॉर ह्यूमन डेवलपमेंट (आईएचडी) और बिहार फाउंडेशन (उद्योग विभाग) द्वारा नालंदा विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बिहार के विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए साझा रोडमैप तैयार करना है। 

मुख्य सम्मेलन से पहले 10 और 11 जनवरी को प्री-कन्वेंशन अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश से लगभग 1,500 विद्वान और विशेषज्ञ जुटेंगे।आईएचडी एवं कन्वेंशन के निदेशक प्रो. अलख एन. शर्मा ने कहा कि यह आयोजन बिहार के विकास पर एक जैसी सोच रखने वालों का कुंभ होगा। इसमें सात पूर्ण सत्र आयोजित होंगे, जिनमें बिहार के विकास में तेजी, औद्योगिकीकरण, सतत शहरी विकास, शिक्षा और कौशल प्रणाली को मजबूत करना, एआई और बिहार का विकास, स्टार्टअप्स के साथ गोलमेज संवाद एवं ब्रांड बिहार पर चर्चा होगी। इसके अलावा निवेश और अवसर डेस्क, स्टार्टअप पिच आवर, आइडियाज वॉल, बिहार डेटा और पॉलिसी लैब, डायस्फोरा कनेक्ट लाउंज, यूथ डायलॉग, महिला पवेलियन, आर्टिजन बाजार और बिहारी फूड स्ट्रीट जैसे आकर्षक आयोजन भी होंगे।

 ग्लोबल कन्वेंशन ऑन ट्रांसफॉर्मिंग बिहार 2027 राज्य के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक प्रयास साबित हो सकता है। देश-विदेश के विशेषज्ञों और प्रवासी बिहारियों की भागीदारी से बिहार को समृद्ध, सक्षम, समावेशी और विकसित राज्य बनाने का रोडमैप तैयार होने की उम्मीद है।