अरे बहन रोहिणी, सोचा था तुमपर अभी नहीं बोलेंगे..लेकिन सिंगापुर से ज्ञान कुछ ज्यादा ही आ रहा है ईधर फिर से तुम्हारा, इसलिए जरा जवाब दो : दीपा मांझी
लालूू प्रसाद की बेटी और राजद नेत्री रोहिणी आचार्य द्वारा केन्द्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर किए गए तीखी टिप्पणी पर हम विधायक दीपा मांझी ने पलटवार करते हुए रोहिणी के नाम पत्र जारी कर कुछ सवालों की जवाब मांगी हैं....
Patna : हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा की नेता और इमामगंज से विधायक दीपा मांझी ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की नेता रोहिणी आचार्य को संबोधित करते हुए एक बेहद तीखा पत्र जारी किया है। दीपा मांझी ने रोहिणी द्वारा अपने पिता लालू प्रसाद यादव को किडनी देने के त्याग को याद दिलाते हुए कहा कि जब परिवार को जरूरत थी तब बेटी ने फर्ज निभाया, लेकिन बाद में उसी परिवार में उन्हें अपमानित किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब रोहिणी ने खुद सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया था कि उन्हें परिवार से अलग किया गया, तो फिर आज वे उन्हीं लोगों के राजनीतिक बचाव में क्यों खड़ी हैं?
तेजस्वी के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उठाए सवाल: ‘पार्टी की ताकत पर चुनिंदा लोगों का कब्जा’ दीपा मांझी ने तेजस्वी यादव को आरजेडी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने और तेज प्रताप यादव को पार्टी से छह साल के लिए बाहर किए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि परिवार में विवादों के बावजूद तेजस्वी को कमान सौंप दी गई, जिससे यह साफ होता है कि पार्टी में किसे ताकत मिलेगी इसका फैसला वही लोग कर रहे हैं जिन पर सवाल उठे थे। उन्होंने इसे RJD की गिरती राजनीतिक संस्कृति का प्रतीक बताया जहां एक-एक करके परिवार के रिश्ते बिखरते जा रहे हैं।
रोहिणी से पूछे तीखे सवाल: ‘क्या तेजस्वी देंगे आपको बराबर का हक?’
इमामगंज विधायक ने रोहिणी आचार्य की राजनीतिक स्थिति पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि किसी दूसरे की राजनीतिक महत्वाकांक्षा के लिए अपने आत्मसम्मान और पुराने सवालों को भूल जाना समझदारी नहीं है। उन्होंने रोहिणी से सीधा सवाल पूछा कि क्या तेजस्वी यादव उन्हें कभी RJD की कमान सौंपेंगे या पार्टी में उनके बराबर की राजनीतिक ताकत देंगे? उन्होंने कहा कि अगर इसका जवाब 'नहीं' है तो फिर किसी और के लिए अपने ही सवालों को दबाना किस मजबूरी का नाम है।
तेजस्वी यादव पर गंभीर व्यक्तिगत आरोप: मेडिकल जांच का दिया चैलेंज
पत्र के अंतिम हिस्से में दीपा मांझी ने तेजस्वी यादव पर गंभीर व्यक्तिगत आरोप लगाते हुए रोहिणी आचार्य को चुनौती दी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह सच नहीं है कि उनके भाई नशा करते हैं? दीपा मांझी ने कहा कि अगर यह सच नहीं है, तो रोहिणी अपने भाई से पूछें कि क्या वे सार्वजनिक रूप से मेडिकल जांच कराने और उसका सामना करने के लिए तैयार हैं?
‘सत्ता के लिए रिश्तों का सौदा बिखरता है परिवार’: दीपा मांझी
दीपा मांझी ने चेतावनी देते हुए अपने पत्र का अंत किया कि राजनीति में सबसे बड़ा नुकसान विरोधी नहीं, बल्कि अपने ही गलत फैसले करते हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि जिस घर में सत्ता के लिए रिश्तों की कीमत कम हो जाती है, वहां अंत में कुर्सी तो किसी एक के पास रह जाती है, लेकिन परिवार और संगठन दोनों पूरी तरह बिखर जाते हैं।