टेंपो को बचाने के चक्कर में पोखर में पलटी यात्री बस, स्थानीय लोगों की तत्परता से लोगों की बची जान

टेंपो को बचाने के चक्कर में पोखर में पलटी यात्री बस, स्थानीय
टेंपो को बचाने के चक्कर में पोखर में पलटी यात्री बस- फोटो : आशीष

Bettiah : पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से मैनाटाड़ आ रही एक निजी यात्री बस बुधवार को पूर्वी पकुहवा के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे गहरे पोखरे में पलट गई। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हालांकि, गनीमत यह रही कि बस में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है 


टेंपो को बचाने में अनियंत्रित हुई बस

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, बेतिया से यात्रियों को लेकर आ रही बस जैसे ही पूर्वी पकुहवा पोखरा के समीप तीखे मोड़ पर पहुंची, सामने से अचानक एक तेज रफ्तार टेंपो आ गया। टेंपो को सीधी टक्कर से बचाने के प्रयास में बस चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे अनियंत्रित होकर बस सीधे पोखरे में जा गिरी 


स्थानीय लोगों ने पोखरे में कूदकर यात्रियों को निकाला 

हादसे के तुरंत बाद बस के चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। वहीं बस के पलटते ही अंदर फंसे यात्रियों में कोहराम मच गया। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाई और पोखरे में कूदकर बस का शीशा व दरवाजा खोलकर उसमें फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया 


प्रशासनिक टीम ने संभाला मोर्चा

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मैनाटाड़ के सीओ सुमंत कुमार, मैनाटाड़ थानाध्यक्ष बब्लू कुमार और पुरुषोत्तमपुर थानाध्यक्ष कमलेश भगत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने तुरंत स्थिति का जायजा लिया और सड़क पर जुटी भारी भीड़ को हटाकर बाधित यातायात को फिर से सुचारू कराया 


बस में सवार थे केवल 9 यात्री

मैनाटाड़ थानाध्यक्ष बब्लू कुमार ने बताया कि हादसे के वक्त बस में कुल 9 यात्री ही सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बचा लिया गया है। कोई बड़ी जान-माल की क्षति न होने से स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है 


आशीष की रिपोर्ट