बिहार में पुराने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट अनिवार्य, परिवहन विभाग ने जारी किया निर्देश, ऐसे करें आवेदन
रोसमेट्रा सेफ्टी सिस्टम्स के बिहार स्टेट हेड गौरव ने बताया कि वाहन स्वामी स्वयं www.bookmyhsrp.com वेबसाइट पर जाकर अपने वाहन के लिए एचएसआरपी प्लेट बुक कर सकते हैं।
HSRP : बिहार सरकार के परिवहन विभाग ने 31 मार्च 2019 से पहले निबंधित सभी वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) लगवाना अनिवार्य कर दिया है। विभाग की ओर से वाहन स्वामियों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर संदेश भेजकर जल्द एचएसआरपी प्लेट लगवाने की अपील की जा रही है। जिन वाहन मालिकों ने पहले ही यह प्लेट लगवा ली है, उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है, जबकि जिन वाहनों में अब तक प्लेट नहीं लगी है, उन्हें जल्द प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।
ऐसे करें प्लेट बुक
इस संबंध में जानकारी देते हुए रोसमेट्रा सेफ्टी सिस्टम्स के बिहार स्टेट हेड गौरव ने बताया कि वाहन स्वामी स्वयं www.bookmyhsrp.com वेबसाइट पर जाकर अपने वाहन के लिए एचएसआरपी प्लेट बुक कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बुकिंग के दौरान दो बातों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। पहली, बिहार में प्लेट को घर पर भेजने की सुविधा उपलब्ध नहीं है। दूसरी, भुगतान करते समय केवल अधिकृत कंपनी के नाम पर ही भुगतान करें, किसी व्यक्ति विशेष के नाम पर भुगतान न करें।
यहां भी कर सकते हैं बुक
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद वाहन स्वामी को निर्धारित तारीख, समय और स्थान पर वाहन लेकर जाना अनिवार्य होगा, तभी प्लेट लगाई जाएगी। इसके अलावा वाहन मालिक संबंधित कंपनी के अधिकृत शोरूम पर जाकर आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र के माध्यम से भी एचएसआरपी प्लेट बुक करा सकते हैं।
थर्ड रजिस्ट्रेशन स्टीकर लगाना भी अनिवार्य
परिवहन विभाग के निर्देश के अनुसार, दोपहिया वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों में थर्ड रजिस्ट्रेशन स्टीकर लगाना भी अनिवार्य है, जो प्लेट के साथ ही दिया जाता है। वाहन स्वामियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि यह स्टीकर वाहन के शीशे पर सही तरीके से लगाया गया हो।
फर्जी दावों से बचें
गौरव ने बताया कि उनकी कंपनी की कोशिश है कि वाहन स्वामियों को इस प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बाहर से मिलने वाली कई प्लेटें फर्जी होती हैं, जो वाहन पोर्टल पर दर्ज नहीं रहतीं। ऐसे पोर्टल जो घर तक प्लेट भेजने का दावा करते हैं, वे पूरी तरह गलत हो सकते हैं, इसलिए वाहन मालिकों को ऐसे फर्जी वेबसाइट से सावधान रहने की सलाह दी गई है।