रिंकू सिंह की फेसबुक आईडी हैक कर 'कमाई' पर डाका, हैकर्स ने बदली मेल आईडी और बैंक डिटेल्स
भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह की फेसबुक आईडी हैक कर साइबर ठगों ने उनकी मोनेटाइजेशन इनकम पर डाका डाल दिया है। हैकर्स ने मेल आईडी और बैंक डिटेल्स बदलकर मोटी रकम डाइवर्ट कर ली है
N4N Desk : भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे रिंकू सिंह इन दिनों मैदान के बाहर एक डिजिटल 'गुगली' का शिकार हो गए हैं। साइबर अपराधियों ने रिंकू की आधिकारिक फेसबुक आईडी हैक कर ली है और उनकी वीडियो-फोटो से होने वाली लाखों की कमाई (मोनेटाइजेशन इनकम) को अपने खातों में डाइवर्ट कर दिया है।
व्यस्तता का फायदा उठाकर आईडी पर किया कब्जा
रिंकू सिंह के भाई सोनू सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, रिंकू अपने क्रिकेट मैचों और ट्रेनिंग सत्रों में काफी व्यस्त रहते हैं। इसी का फायदा उठाकर हैकर्स ने उनकी आधिकारिक फेसबुक आईडी में सेंधमारी की। काफी समय बाद जब रिंकू ने लॉग-इन करने का प्रयास किया, तो पासवर्ड गलत बताने लगा और उनका अपने ही अकाउंट से नियंत्रण खत्म हो गया।
मेल आईडी और बैंक डिटेल्स में किया बदलाव
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि हैकर्स ने रिंकू की व्यक्तिगत मेल आईडी (rinkukumar344.8.7) को हटाकर एक नई कॉमर्शियल मेल आईडी (commercial.rinkusingh) लिंक कर दी है। चूंकि रिंकू का फेसबुक पेज मोनेटाइज्ड है, इसलिए हैकर्स ने भुगतान प्राप्त करने वाले बैंक विवरणों को भी बदल दिया है ताकि कमाई सीधे उनके पास जाए।
हैकर्स खुद अपलोड कर रहे हैं कंटेंट
आईडी हैक करने के बाद अपराधी शांत नहीं बैठे हैं। वे रिंकू के नाम का उपयोग करते हुए अकाउंट पर खुद ही फोटो और वीडियो अपलोड कर रहे हैं। इन पोस्ट्स पर आने वाले विज्ञापनों से जो भी राजस्व (Revenue) पैदा हो रहा है, उसे हैकर्स अवैध रूप से हड़प रहे हैं। रिंकू को इसकी भनक तब लगी जब उनकी जानकारी के बिना अकाउंट से निरंतर पोस्ट होने लगे।
एसएसपी के आदेश पर साइबर थाने में FIR
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। ओजोन सिटी गोल्ड स्टेट निवासी क्रिकेटर के परिवार ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई और अकाउंट रिकवरी की मांग की है।
फेसबुक (मेटा) से संपर्क, जांच में जुटी पुलिस
साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर रामेंद्र शुक्ला के मुताबिक, पुलिस उस आईपी एड्रेस और मेल आईडी को ट्रैक कर रही है जिसके जरिए यह बदलाव किए गए हैं। साथ ही, पुलिस ने फेसबुक (मेटा) के अधिकारियों को आधिकारिक पत्र लिखकर अकाउंट को ब्लॉक करने और उसे रिंकू सिंह को वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।