फतुहा में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो और बाइक की सीधी भिड़ंत में एक युवक की इलाज के दौरान मौत, दूसरा गंभीर

बाइक और स्कॉर्पियों की सीधी भिड़ंत में युवक की मौत- फोटो : रजनीश

Patna : राजधानी पटना में एकबार रफ्तार का कहर देखने को मिला। राजधानी पटना से सटे फतुहा में आज रविवार की सुबह भीषण सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। वही एक गंभीर रुप से घायल हो गया। फतुहा के जिओ मार्ट के समीप करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक के बीच इतनी जबरदस्त टक्कर हुई कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो की रफ्तार इतनी अधिक थी कि बाइक सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।


घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए राहत और बचाव का कार्य शुरू किया। दोनों घायलों को तत्काल फतुहा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना के PMCH रेफर कर दिया। घायलों की पहचान शिवचक निवासी मुकुल कुमार (पिता स्व. संतोष कुमार) और बलवा निवासी प्रशांत कुमार (पिता पिंटू कुमार) के रूप में हुई है।

अस्पताल से आई ताजा जानकारी के अनुसार, इस हादसे ने अब एक बेहद दुखद मोड़ ले लिया है। पटना में इलाज के दौरान घायल मुकुल कुमार ने दम तोड़ दिया, जिससे उसके परिवार में मातम छा गया है। वहीं, दूसरे घायल युवक प्रशांत कुमार की स्थिति अभी भी अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है और डॉक्टर उसे बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। मुकुल की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।


हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक ने रुकने के बजाय मौके से फरार होना ही बेहतर समझा, जिसे लेकर स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन इस मार्ग पर हादसे होते रहते हैं। फरार चालक की इस हरकत ने पुलिस की चौकसी और सड़क सुरक्षा के दावों पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।


सूचना मिलते ही फतुहा थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी का कहना है कि वाहन की तलाश में छापेमारी जारी है और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


रजनीश की रिपोर्ट