हिन्दुस्तान पेट्रोलियम प्लांट में खूनी खेल, उप महाप्रबंधक और सहायक मुख्य प्रबंधक की गोली मारकर हत्या; नौकरी विवाद में वारदात
बदायूँ के दातागंज स्थित एचपीसीएल के सीबीजी प्लांट में गुरुवार को नौकरी के पुराने विवाद में अंधाधुंध फायरिंग हुई। इस हमले में प्लांट के उप महाप्रबंधक और सहायक मुख्य प्रबंधक की मौके पर ही मौत हो गई।
N4N Desk - बदायूँ जिले के दातागंज तहसील अंतर्गत गांव सैजनी स्थित एचपीसीएल (HPCL) के कंप्रेस्ड बायो गैस (CBG) प्लांट में गुरुवार दोपहर भारी हिंसा हुई। नौकरी और अनाधिकृत कार्यों को लेकर पिछले छह महीनों से चल रहा विवाद आखिरकार दो अधिकारियों की हत्या के साथ समाप्त हुआ। हमलावरों ने प्लांट के अंदर घुसकर उप महाप्रबंधक (DGM) सुधीर गुप्ता और सहायक मुख्य प्रबंधक (ACM) हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना दोपहर करीब एक बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सैजनी निवासी अजय प्रताप सिंह अपने कुछ साथियों के साथ जबरन प्लांट परिसर में दाखिल हुआ। बताया जा रहा है कि अजय का प्लांट प्रबंधन के साथ नौकरी से निकाले जाने और अन्य अनधिकृत गतिविधियों को लेकर लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। प्लांट में घुसते ही उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब सुधीर गुप्ता और हर्षित मिश्रा ने इसका कड़ा विरोध किया, तो विवाद हाथापाई तक पहुंच गया।
वाद-विवाद के दौरान ही अजय प्रताप सिंह और उसके साथियों ने हथियार निकाल लिए और अधिकारियों पर सीधे फायरिंग झोंक दी। गोली लगने से दोनों अधिकारी लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और उनकी मौके पर ही सांसें थम गईं। फायरिंग की आवाज से प्लांट में भगदड़ मच गई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी हथियार लहराते हुए भाग निकले। आनन-फानन में दोनों को दातागंज सीएचसी ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीएम अवनीश राय और एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एचपीसीएल प्लांट, दातागंज सीएचसी और जिला अस्पताल में पीएसी और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल प्लांट को सील कर दिया गया है और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण पाबंदी लगा दी गई है। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं।