भारतीय वायुसेना का Su-30MKI फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, दो पायलटों की मौत

वायुसेना की ओर से जारी संक्षिप्त बयान में बताया गया कि यह Su-30MKI विमान एक ट्रेनिंग मिशन पर था। विमान ने असम के जोरहाट एयरबेस से उड़ान भरी थी और उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही इसका संपर्क टूट गया।

Indian Air Force Su-30 MKI fighter jet crash in- फोटो : news4nation

Indian Air Force : एक दर्दनाक हादसे में असम के कार्बी आंगलोंग ज़िले में गुरुवार को भारतीय वायुसेना का एक Su-30MKI फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में वायुसेना के दो पायलटों की मौत हो गई। भारतीय वायुसेना ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि की। वायुसेना के मीडिया कोऑर्डिनेशन सेंटर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरगकर की जान चली गई। पोस्ट में कहा गया कि भारतीय वायुसेना के सभी जवान दिवंगत अधिकारियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और इस कठिन समय में उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं।


वायुसेना की ओर से जारी संक्षिप्त बयान में बताया गया कि यह Su-30MKI विमान एक ट्रेनिंग मिशन पर था। विमान ने असम के जोरहाट एयरबेस से उड़ान भरी थी और उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही इसका संपर्क टूट गया। अधिकारियों के अनुसार शाम 7:42 बजे एयरक्राफ्ट से संपर्क समाप्त हो गया था। बाद में पता चला कि विमान जोरहाट से करीब 60 किलोमीटर दूर कार्बी आंगलोंग इलाके में क्रैश हो गया।


Su-30MKI दो सीटों वाला मल्टीरोल लंबी दूरी का फाइटर जेट है, जिसे रूस की विमान निर्माता कंपनी सुखोई ने डिजाइन किया है। भारत में इसका निर्माण हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा लाइसेंस के तहत किया जाता है। भारतीय वायुसेना के बेड़े में इस समय 260 से अधिक Su-30MKI विमान शामिल हैं।


हाल के वर्षों में इस विमान से जुड़े कुछ हादसे भी सामने आए हैं। जून 2024 में महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक सुखोई फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। वहीं जनवरी 2023 में ग्वालियर एयरबेस से उड़ान भरने के बाद एक अन्य Su-30 विमान क्रैश हो गया था। वायुसेना ने इस ताज़ा हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए हैं।