Bihar Vidhansabha Session : सुबह 10 बजे सदन पहुंचने का झंझट खत्म! विधायकों को अब ऐसे दर्ज करानी होगी अपनी हाजिरी, 23 फरवरी से लागू होगा नया नियम
Bihar Vidhansabha Session :
Bihar Vidhansabha Session : बिहार विधानसभी में विधायकों की हाजिरी अब सुबह 10 बजे देनी होगी। हाजिरी देने के लिए विधायक के सदन पहुंचने की आवश्यकता नहीं होगी वो ऑनलाइन इसकी जानकारी दे सकेंगे। दरअसल, बिहार विधानसभा में शून्यकाल की सूचना मंजूर कराने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अब विधायकों को सूचना देने के लिए सुबह 10 बजे विधानसभा पहुंचने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपने घर या कार्यालय से ही ऑनलाइन माध्यम से शून्यकाल की सूचना भेज सकेंगे।
अध्यक्ष ने बैठक में किया फैसला
बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस नई व्यवस्था को लागू करने का निर्णय लिया गया। यह विधायकों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। अब तक ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर सचिव के कक्ष में जाकर सूचनाएं मंजूर कराई जाती थीं। पहले इसकी समय-सीमा सुबह 9 बजे तक थी, जिसे बाद में 10 बजे किया गया था।
23 फरवरी से लागू होगी नई प्रणाली
नई व्यवस्था 23 फरवरी से प्रभावी होगी। इसके तहत विधायक शून्यकाल में उठाए जाने वाले मुद्दों को अधिकतम 50 शब्दों में यूनिकोड फॉन्ट में लिखकर नेवा पोर्टल पर सुबह 9 बजे से 10 बजे के बीच अपलोड करेंगे। पोर्टल पर ‘सेंड’ बटन सक्रिय किया जाएगा, जिससे सूचना ऑनलाइन नोटिस के रूप में विधानसभा पोर्टल पर प्रदर्शित होगी। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष की स्वीकृति के उपरांत ही संबंधित सूचना सदन में पढ़ी जाएगी।
आज से विधायकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
विधायकों को इस नई प्रक्रिया से अवगत कराने के लिए 19 से 21 फरवरी तक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। शून्यकाल के दौरान विधायक लोक महत्व के तात्कालिक विषयों को सदन में उठाते हैं। इन मुद्दों पर सरकार से अपेक्षा की जाती है कि वह संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करे। नई ऑनलाइन व्यवस्था से प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुगम होने की उम्मीद है।