Bihar Inter Exam : कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई इंटर की परीक्षा, BSEB अध्यक्ष आनंद किशोर ने संभाला मोर्चा, पटना के कई परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
Bihar Inter Exam : बिहार में इंटर परीक्षा की आज से शुरुआत हो गयी है. बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने पटना जिले के कई केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया.....पढ़िए आगे
PATNA : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा, 2026 आज से राज्यभर में सफलतापूर्वक प्रारंभ हो गई। परीक्षा के पहले दिन राज्य के सभी 38 जिलों में कुल 1,762 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा का संचालन किया गया। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच परीक्षार्थियों की दो स्तरों पर फ्रिस्किंग (Frisking) की गई और परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले ही केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए।
विषयवार उपस्थिति और पटना की स्थिति
परीक्षा के पहले दिन प्रथम पाली में विज्ञान संकाय के लिए बायोलॉजी (Biology) और फिलॉसफी (Philosophy) विषयों की परीक्षा हुई, जिसके लिए कुल 5,02,317 परीक्षार्थियों ने फॉर्म भरा था। दूसरी पाली में कला एवं वाणिज्य संकाय के 55,964 परीक्षार्थियों के लिए इकोनॉमिक्स (Economics) विषय की परीक्षा आयोजित की गई। अकेले पटना जिले में 84 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है, जहाँ पहले दिन दोनों पालियों को मिलाकर लगभग 34,122 परीक्षार्थी शामिल होने के लिए पंजीकृत थे।
आदर्श केंद्रों पर महिला शक्ति और विशेष सुविधाएं
इस बार समिति ने प्रत्येक जिले में 4-4 मॉडल (आदर्श) परीक्षा केंद्र बनाए हैं, जिनकी कुल संख्या पूरे राज्य में 152 है । इन केंद्रों की विशेषता यह है कि यहाँ परीक्षार्थी केवल छात्राएं हैं और सुरक्षा से लेकर वीक्षण (Invigilation) कार्य तक की जिम्मेदारी महिला कर्मियों, पुलिस बल और दंडाधिकारियों के हाथों में है । इन केंद्रों को फूलों, गुब्बारों और कारपेट से सजाया गया था, साथ ही छात्राओं की सहायता के लिए अलग से हेल्प डेस्क की सुविधा भी प्रदान की गई।
अध्यक्ष द्वारा औचक निरीक्षण और व्यवस्था की समीक्षा
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने आज पटना जिले के विभिन्न केंद्रों जैसे राजकीय बालिका उच्च विद्यालय (शास्त्रीनगर), पटना हाई स्कूल (गर्दनीबाग) और अन्य स्कूलों का औचक निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने न केवल सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की, बल्कि स्वयं विजिटर रजिस्टर (Visitor Register) पर हस्ताक्षर कर नियमों का पालन किया। उन्होंने कुछ परीक्षार्थियों से प्रश्नों के स्तर के बारे में जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के अंत तक यही उत्कृष्ट व्यवस्था बनी रहे।
कल की परीक्षा का कार्यक्रम
समिति ने जानकारी दी है कि इंटरमीडिएट की यह वार्षिक परीक्षा आगामी 13 फरवरी, 2026 तक चलेगी। कल, 03 फरवरी को परीक्षा के दूसरे दिन प्रथम पाली में विज्ञान एवं कला संकाय के विद्यार्थियों के लिए गणित (Mathematics) विषय की परीक्षा होगी। वहीं, द्वितीय पाली में कला संकाय के लिए राजनीति विज्ञान (Political Science) और वोकेशनल कोर्स के परीक्षार्थियों के लिए फाउंडेशन कोर्स (Foundation Course) विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी।