IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग केस में फैसला टला, लालू परिवार पर अब 22 मई को कोर्ट सुनाएगी फैसला

IRCTC money laundering case: दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में बहुचर्चित IRCTC घोटाला से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में आज होने वाला अहम फैसला टल गया है। ....

लालू परिवार पर फैसले की घड़ी टली- फोटो : social Media

IRCTC money laundering case: दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में बहुचर्चित IRCTC घोटाला से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में आज होने वाला अहम फैसला टल गया है। अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में अदालत 22 मई को अपना फैसला सुनाएगी, जिस पर पूरे देश की नजर टिकी हुई है। इस केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। अदालत पहले ही आरोप तय करने की प्रक्रिया पूरी कर चुकी है और फैसला सुरक्षित रखा गया था, जिसे अब आगे के लिए टाल दिया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, लालू परिवार ने निचली अदालत के अक्टूबर 2025 के उस आदेश को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है, जिसमें उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप तय किए गए थे। दूसरी ओर, केंद्रीय जांच ब्यूरो ने इस याचिका का जोरदार विरोध करते हुए दावा किया है कि उनके पास इस मामले से जुड़े ‘पुख्ता सबूत’ मौजूद हैं।

जांच एजेंसियों के अनुसार, यह मामला उस समय का है जब लालू प्रसाद यादव केंद्र में रेल मंत्री थे। आरोप है कि उनके कार्यकाल में IRCTC के तहत रांची और पुरी स्थित दो होटलों के टेंडर में भारी अनियमितताएं हुईं। कहा जा रहा है कि इन होटलों और उनसे जुड़ी जमीनों को नियमों की अनदेखी करते हुए निजी कंपनियों को पट्टे पर दिया गया, जिससे कुछ कंपनियों को अनुचित फायदा पहुंचा।

ED का मानना है कि इस पूरी प्रक्रिया में मनी लॉन्ड्रिंग का एंगल भी शामिल है, जिसकी कड़ियां अब धीरे-धीरे खुल रही हैं। वहीं बचाव पक्ष इन आरोपों को सिरे से खारिज करता रहा है।अब सबकी निगाहें 22 मई पर टिक गई हैं जब यह तय होगा कि इस ‘पॉलिटिकल पावर बनाम कानून’ की जंग में अगला मोड़ क्या होगा।