JP गंगा पथ की डबल डेकर बस अब बर्थडे-पार्टी के लिए भी होगी बुक, मात्र कुछ हजार खर्च कर करें आयोजन

हार पर्यटन विकास निगम के अनुसार, डबल डेकर बस में दीघा घाट से कंगन घाट तक की यात्रा के दौरान ऊपरी डेक से 360 डिग्री का नजारा, ठंडी हवा और पटना के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों का दीदार इसे खास बनाता है।

JP Ganga Paths double-decker bus - फोटो : news4nation

Double-decker bus  :राजधानी पटना के जेपी गंगा पथ पर चल रही डबल डेकर बस अब सिर्फ सैर-सपाटे तक सीमित नहीं रहेगी। शहरवासी इस बस को जन्मदिन समारोह, निजी पार्टी या किसी खास मौके के लिए भी बुक कर सकेंगे। इसके लिए 4 हजार रुपये प्रति ट्रिप किराया तय किया गया है। एक ट्रिप की अवधि डेढ़ घंटे की होगी और भुगतान प्रति ट्रिप के आधार पर लिया जाएगा।


360 डिग्री नजारा और ऐतिहासिक स्थलों का दीदार

बिहार पर्यटन विकास निगम के अनुसार, डबल डेकर बस में दीघा घाट से कंगन घाट तक की यात्रा के दौरान ऊपरी डेक से 360 डिग्री का नजारा, ठंडी हवा और पटना के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों का दीदार इसे खास बनाता है।


शाम 5 से रात 10 बजे तक चलती है बस

पर्यटन निगम ने बताया कि यह बस शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक संचालित की जाती है। बस में कुल 40 सीटें हैं - नीचे के डेक पर 20 एसी सीटें, ऊपरी डेक पर 20 सीटें. वहीं यात्रियों की सुविधा के लिए बस में टॉयलेट, रेफ्रिजरेटर और एक गाइड भी मौजूद रहता है।


इन जगहों की जानकारी देता है गाइड

बस में मौजूद गाइड पर्यटकों को दीघा से जेपी गंगा पथ गोलम्बर, सभ्यता द्वार, दरभंगा हाउस, गांधी घाट, महात्मा गांधी सेतु, चित्रगुप्त मंदिर और कंगन घाट जैसे स्थलों की जानकारी देता है।


टिकट किराया भी तय

सामान्य दिनों में इस बस का किराया एक तरफ: 50 रुपये प्रति व्यक्ति, दोनों तरफ: 100 रुपये प्रति व्यक्ति होगा. 


सितंबर 2025 से अब तक 4370 पर्यटक कर चुके हैं सैर

पर्यटन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर 2025 से अब तक 4,370 पर्यटक इस डबल डेकर बस में सैर कर चुके हैं। पर्यटन निगम का मानना है कि इस सुविधा से पटना में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और लोग खास मौकों पर यादगार अनुभव भी ले सकेंगे।