आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगते ही आया ललन सिंह का बड़ा बयान, जानिए क्या कहा

सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने गुरुवार को आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई को निरस्त कर दिया। अदालत ने बिहार सरकार के अप्रैल 2023 के उस संशोधन को भी असंवैधानिक करार दिया

Lalan Singh on Anand Mohan- फोटो : news4nation

Bihar News :  पूर्व सांसद आनंद मोहन की समय पूर्व रिहाई पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बिहार की सियासत में प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है। केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश सबके लिए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अदालत का आदेश सभी को मानना होगा। ललन सिंह गुरुवार को पटना में एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात कर रहे थे।


दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 1994 के आईएएस अधिकारी जी. कृष्णैया हत्याकांड में आनंद मोहन को बिहार सरकार की ओर से दी गई सजा में छूट और समयपूर्व रिहाई के फैसले को रद्द कर दिया है। अदालत के इस फैसले पर जब ललन सिंह से सवाल पूछा गया तो उन्होंने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश सबके लिए है।


सुप्रीम कोर्ट ने एक महीने में सरेंडर करने का दिया है आदेश 

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने गुरुवार को आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई को निरस्त कर दिया। अदालत ने बिहार सरकार के अप्रैल 2023 के उस संशोधन को भी असंवैधानिक करार दिया, जिसके जरिए ड्यूटी पर तैनात लोक सेवक की हत्या के दोषियों के लिए सजा में छूट का रास्ता खोला गया था।


कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर संबंधित जेल प्रशासन के सामने आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिहार सरकार कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए उनकी सजा में छूट पर नए सिरे से विचार कर सकती है। इसके लिए मृत आईएएस अधिकारी की पत्नी उमा कृष्णैया को सुनवाई का अवसर देना होगा।


संविधान मार्च पर कांग्रेस को घेरा

इस दौरान ललन सिंह ने कांग्रेस की ओर से निकाले जा रहे संविधान मार्च पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस ने सबसे ज्यादा संविधान को नुकसान पहुंचाया है और संविधान की सबसे ज्यादा धज्जियां इसी पार्टी ने उड़ाई हैं। ऐसे में कांग्रेस को संविधान मार्च निकालने का क्या मतलब है? उन्होंने कांग्रेस के इस कार्यक्रम पर सवाल खड़े किए।


डेयरी सेक्टर में बिहार के काम की चर्चा

वहीं, अपने विभाग के डेयरी कार्यक्रम को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार में डेयरी क्षेत्र में लगातार बेहतर काम हो रहा है। दूध उत्पादकों के हित में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से बिहार को हर तरह की सहायता दी जा रही है और राज्य में दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


गौरतलब है कि 26 नवंबर को पटना के बापू सभागार में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 2026 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में डेयरी क्षेत्र से जुड़ी कई योजनाओं और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की शुरुआत तथा राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कारों का वितरण भी निर्धारित था।