भीषण गैंगवार में अंधाधुंध फायरिंग, 4 युवकों को गोलियों से भूना, मौके पर ही मौत

। खरावड़ स्थित मिलन होटल (ढाबे) पर कुछ युवक खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों पर अचानक गोलियां बरसाई गईं। फायरिंग इतनी भीषण थी कि चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

Rohtak Gang War
Rohtak Gang War - फोटो : news4nation

Rohtak : गैंगवार की बड़ी वारदात में चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी है। यह आपराधिक घटना हरियाणा के रोहतक में हुई, जहाँ खरावड़ स्थित मिलन ढाबे पर देर रात दो गैंग के बीच हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में चार युवकों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस वारदात को बाबा गैंग और हिमांशु भाऊ गैंग के बीच चल रही आपसी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।


 जानकारी के अनुसार, वारदात रात करीब एक बजे की है। खरावड़ स्थित मिलन होटल (ढाबे) पर कुछ युवक खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों पर अचानक गोलियां बरसाई गईं। फायरिंग इतनी भीषण थी कि चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।


चारों मृतकों की हुई पहचान

इस गोलीबारी में जान गंवाने वाले चारों युवकों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में तीन युवक झज्जर जिले के गांव डीघल के रहने वाले थे, जबकि एक युवक बेरी का निवासी था। मृतकों की पहचान रिंकू पुत्र जगबीर, निवासी डीघल, विनीत पुत्र जयबीर, निवासी डीघल, गंजू, निवासी डीघल और  हिमांशु पुत्र राजबीर, निवासी बेरी के रूप में हुई है।


DSP ने क्या कहा?

रोहतक के डीएसपी ऋषिकांत ने बताया कि रात के समय एक ढाबे पर कुछ लोग खाना खाने आए थे। इसी दौरान उन पर फायरिंग की गई, जिसमें चार लोगों को गोलियां लगीं और उनकी मौत हो गई। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। उन्होंने बताया कि घटना में चार लोगों की मौत हुई है और फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी करने की बात कही है।


हिमांशु भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी

घटना के बाद सोशल मीडिया पर हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े रोहित बजरंग का एक पोस्ट सामने आया है। इस पोस्ट में मिलन ढाबे पर हुई चार हत्याओं की जिम्मेदारी लेते हुए इसे रोहित बजरंग और सोनू डीघल की हत्या का बदला बताया गया है। पोस्ट में विरोधी पक्ष को धमकी भी दी गई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर सामने आए इस पोस्ट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से भी फिलहाल इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।


गोहाना में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या से भी जुड़ रहा गैंगवार का मामला

गौरतलब है कि हरियाणा में हाल के दिनों में गैंगवार और आपराधिक घटनाओं में तेजी से चर्चा में आई है। इससे पहले 13 नवंबर 2026 को गोहाना में प्रॉपर्टी डीलर विजेंद्र उर्फ नन्हा पहलवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात रोहतक रोड स्थित उनके कार्यालय के बाहर हुई थी। बताया गया था कि जब विजेंद्र अपनी कार में बैठ रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने करीब 14 से 15 राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। इस हत्या की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग से जुड़े वीरेंद्र चारण ने सोशल मीडिया पर ली थी।