Bihar Accident: राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर, महिला समेत चार घायल

राष्ट्रीय राजमार्ग-106 पर कार और ट्रैक्टर के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए।

Car Tractor Collision
कार और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर- फोटो : reporter

Bihar Accident:सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-106 पर हरिहरपट्टी के समीप तेज रफ्तार कार और ट्रैक्टर के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), पिपरा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में कार चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घायलों की पहचान कार चालक समेत हरिहरपट्टी निवासी बिजेंद्र साह, बिनोद साह, कन्हैया साह और पिंकी देवी के रूप में हुई है। हादसे में घायल लोगों को स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए अस्पताल पहुंचाया। सीएचसी पिपरा में मौजूद चिकित्सक श्लेन्द्र कुमार ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उनकी हालत को देखते हुए बेहतर चिकित्सा के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कार पिपरा बाजार की तरफ से तेज रफ्तार में राघोपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान हरिहरपट्टी के समीप सर्विस रोड से एक ट्रैक्टर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चढ़ रहा था। तभी तेज गति से आ रही कार ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया और दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-106 पर कुछ देर तक आवागमन भी प्रभावित रहा।

इस संबंध में पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना की जानकारी पुलिस को मिली है। हालांकि, अभी तक इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
रिपोर्ट- विनय कुमार मिश्र