LPG Crisis: प्रधानमंत्री जी, सिलेंडर की किल्लत का जश्न कब होगा? लालू की लाडली रोहिणी ने पीएम मोदी से पूछ लिया चुभने वाला सवाल

LPG Crisis: पश्चिमी एशिया में बढ़ते तनाव के बीच एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत की खबरें तेजी से फैल रही है। ऐसे में आम लोग गैस एजेंसियों के बाहर लाइन में खड़े रह रहे हैं, गैस लेने की होड़ मची हुई है। इसी बीच विपक्ष भी सरकार पर हमलावर है। विपक्ष आज एलपीजी गैस सिलेंडरों की किल्लत को लेकर विरोध प्रदर्शन करने वाला है। दूसरी ओर राजद सुप्रीमो लालू यादव की लाडली बेटी रोहिणी आचार्य भी केंद्र की मोदी सरकार पर हमलावर हैं। रोहिणी आचार्य ने ट्विट कर एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा है और चुभने वाला सवाल भी कर दिया है। रोहिणी ने पूछ लिया है कि गैस की किल्लत का जश्न कब से शुरु होगा? 


ट्विट कर रोहिणी आचार्य ने लिखा कि, "सिलेंडर की किल्लत का जश्न कब होगा ? प्रधानमंत्री जी, "प्रधानमंत्री लाइन लगवाओ योजना ( PMLLY ) " के अंतर्गत मोदी जी ने पहले नोट बदलने के लिए लाइन लगवाई , फिर ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए लाइन लगवाई और अब गैस सिलेंडर के लिए लाइन लगवा रहे हैं... 


उन्होंने आगे लिखा कि, "अपने को चमकाने - दिखाने की बीमारी से ग्रस्त, आपदा - विपदा - इमरजेंसी को जश्न के इवेंट में तब्दील कर आम जनता के जख्मों पर नमक - मिर्ची रगड़ने, कुरेदने के लिए जाने जाने वाले प्रधानमंत्री जी..  बस इस बार फिर से अगर आप थाली - कटोरा या खाली गैस सिलेंडर ही पिटवा देते , दीया - मोमबत्ती - पटाखे जलवा देते , तो तमाशा खड़ा करने का आपका प्रयोजन भी पूरा हो जाता और आपको महावतार मान पूजने वाले आपके अनन्य भक्तों को  सिलेंडर का जिक्र करने की बजाए " महामानव नरेंदर .. नरेंदर .. नरेंदर " का जयकारा लगाने का एक और बहाना मिल जाता"...!!


वहीं दूसरी ओर, केंद्र सरकार ने साफ कर दिया है कि घरेलू उपभोक्ताओं को LPG की कोई कमी नहीं होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में एलपीजी सप्लाई को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच लोगों से संयम बरतने और केवल सत्यापित जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना को बिना पुष्टि के आगे साझा न करें। उन्होंने कहा कि, मैं अपील करता हूं कि अफवाहों से बचें। सप्लाई चेन जरूर प्रभावित हुई है, लेकिन हमें उम्मीद है कि हम इस संकट से उबर जाएंगे, जैसे हम कोरोना काल में उबरे थे।