लैंड फॉर जॉब केस: तेज प्रताप यादव राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश, आरोप तय करने पर हुई सुनवाई

केंद्रीय जांच ब्यूरो ने लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेज प्रताप यादव, तेजस्वी यादव के अलावा परिवार से जुड़े कुछ अन्य लोगों और कंपनियों को आरोपी बनाया है।

Tej Pratap Yadav - फोटो : news4nation

Land for Job : लैंड फॉर जॉब घोटाले से जुड़े मामले में राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बेटे और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव गुरुवार को दिल्ली स्थित राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश हुए। जमीन के बदले नौकरी घोटाले में तेज प्रताप यादव के खिलाफ आरोप तय किए जाने से जुड़ी सुनवाई के सिलसिले में उनकी कोर्ट में हाजिरी हुई।


इससे पहले इसी मामले में लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी तथा बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी कोर्ट में पेश हो चुके हैं। दोनों को जांच एजेंसी द्वारा दर्ज मामले में सह-आरोपी बनाया गया है। लगातार हो रही पेशियों से यह मामला एक बार फिर राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।


क्या है लैंड फॉर जॉब घोटाला?

लैंड फॉर जॉब मामला उस समय का है जब लालू प्रसाद यादव केंद्र में रेल मंत्री थे। आरोप है कि रेलवे में ग्रुप-डी की नौकरियां देने के बदले उम्मीदवारों या उनके परिजनों से जमीन ली गई। यह जमीन कथित तौर पर लालू परिवार के सदस्यों या उनसे जुड़ी कंपनियों के नाम पर रजिस्ट्री कराई गई।


कौन-कौन हैं प्रमुख आरोपी?

इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेज प्रताप यादव, तेजस्वी यादव के अलावा परिवार से जुड़े कुछ अन्य लोगों और कंपनियों को आरोपी बनाया है। फिलहाल कोर्ट में आरोप तय करने की प्रक्रिया जारी है। यदि आरोप तय होते हैं, तो इसके बाद मामले की नियमित सुनवाई शुरू होगी। इस केस पर न केवल न्यायिक बल्कि राजनीतिक नजरें भी टिकी हुई हैं।