पटना पुलिस को बड़ी सफलता : 48 घंटे में 107 अभियुक्त गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार व शराब जब्त

Patna : वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पटना के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) पटना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस पर हमला और अन्य गंभीर मामलों में शामिल अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन समकालीन अभियान चलाया। पश्चिमी क्षेत्र में चलाए गए इस 48 घंटे के विशेष अभियान के तहत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 107 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।


पुलिस की दबिश से अभियुक्त ने किया आत्मसमर्पण, 69 कांडों का हुआ निष्पादन 

पुलिस की लगातार बढ़ती दबिश और सख्त घेराबंदी के कारण 1 फरार अभियुक्त ने माननीय न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इसके अलावा वारंट, कुर्की और इश्तेहार के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीम ने 69 अभियुक्तों से संबंधित कांडों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया।


हथियारों का जखीराकारतूसगांजाशराब और नकद राशि बरामद 

छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से 2 देशी पिस्टल, 9 देशी कट्टा, 1 देशी रिवाल्वर, 1 देशी रायफल, 58 जिंदा कारतूस, 7 खोखा, 1 मैगजीन, 341.2 लीटर अवैध शराब, 134 किलोग्राम गांजा, 100 CFT बालू, 10 मोबाइल फोन, 10 वाहन और ₹40,500 नकद समेत अन्य सामान बरामद कर जब्त किया।


तकनीकी अनुसंधान से गुमशुदा युवक/युवतियों को कराया गया सकुशल बरामद 

अभियान के दौरान पुलिस ने केवल अपराधियों पर शिकंजा ही नहीं कसा, बल्कि सामाजिक दायित्वों को निभाते हुए तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर बड़ी सफलता हासिल की। पश्चिमी क्षेत्र अंतर्गत पिछले 48 घंटों में लापता हुए 06 गुमशुदा युवक-युवतियों को पुलिस टीम ने सकुशल बरामद कर लिया।

रंजीत की रिपोर्ट