आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन: पटना DM कुंदन कुमार का सख्त निर्देश, जिले के हर नागरिक का बनाएं 'आभा' कार्ड

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन: पटना DM कुंदन कुमार का सख्त निर्द
आभा कार्ड को लेकर डीएम का सख्त निर्देश- फोटो : अनिल कुमार

Patna : आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत पटना जिले के नागरिकों के स्वास्थ्य संबंधी अभिलेखों को डिजिटल रूप से सुरक्षित और व्यवस्थित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने जिले के शत-प्रतिशत नागरिकों का 'आभा' (ABHA) कार्ड बनाने की प्रक्रिया को गति देने और विभिन्न विभागों के माध्यम से व्यापक कवरेज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इस पहल से मरीजों के मेडिकल इतिहास और उपचार संबंधी जानकारियों को डिजिटल प्रारूप में सुरक्षित रखा जा सकेगा, जिससे इलाज के समय बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।


राशन दुकानोंस्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ा जाएगा कवरेज 

अभियान को आम जनता तक पहुंचाने के लिए जन वितरण प्रणाली (PDS) की राशन दुकानों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को प्रमुख जरिया बनाया गया है। जिलाधिकारी ने आपूर्ति पदाधिकारियों और पीडीएस विक्रेताओं को राशन उठाने आने वाले लाभुकों का 'आभा ऐप' के माध्यम से कार्ड बनाने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही, जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी स्कूलों में विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत आभा कार्ड बनवाने तथा आंगनबाड़ी सेविकाओं को 'VHSND' और 'टेक होम राशन दिवस' के अवसरों पर लोगों को इस योजना से जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई है।


जीविका दीदियांआशा कार्यकर्ता और वसुधा केंद्र संभालेंगे कमान 

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जीविका समूह की दीदियों, उनके परिजनों और आशा कार्यकर्ताओं को मैदान में उतारा गया है। स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया है कि आशा कार्यकर्ता अपने क्षेत्रों में नागरिकों को आभा कार्ड के लाभों के प्रति जागरूक करते हुए उनका पंजीयन कराएं। इसके अलावा, सहज वसुधा केंद्रों (CSC) पर आने वाले हर नागरिक का आभा कार्ड बनाने के लिए विशेष काउंटर व व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।


डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली से जुड़ेगा हर परिवार 

जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने स्पष्ट किया कि आभा कार्ड निर्माण केवल एक कार्ड उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आम नागरिकों को आधुनिक एवं पारदर्शी डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ने का महत्वपूर्ण कदम है। इससे मरीजों को पुरानी पर्चियां या शारीरिक रिपोर्ट साथ लेकर घूमने की आवश्यकता नहीं होगी और डॉक्टर एक क्लिक पर मरीज का पूरा मेडिकल रिकॉर्ड देख सकेंगे।


मिशन मोड में काम करने और नियमित समीक्षा का निर्देश 

डीएम ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को अंतर-विभागीय समन्वय के साथ मिशन मोड में कार्य करने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी और तय लक्ष्य के अनुसार जिले के प्रत्येक नागरिक का आभा कार्ड निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा।


अनिल की रिपोर्ट