पटना के एसपी वर्मा रोड में तार गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति का नुकसान
Patna : राजधानी पटना के व्यस्ततम इलाके एसपी वर्मा रोड स्थित साकेत टावर के पास एक तार के गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
गोदाम से उठती तेज लपटों और धुएं के गुबार को देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद कोतवाली थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दमकल विभाग को मामले की जानकारी दी।
दमकल की 3 गाड़ियों ने पाया आग पर काबू, बड़ा हादसा टला
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की 3 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर समय रहते काबू पा लिया, जिससे यह आसपास की अन्य दुकानों और इमारतों में फैलने से बच गई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, लाखों का माल जलकर खाक
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अगलगी की इस घटना में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान और तार जलकर राख हो गया है। प्राथमिक जांच में आग लगने की मुख्य वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। दमकल की टीमें फिलहाल स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित करने और कूलिंग प्रक्रिया में जुटी हुई हैं।
अनिल की रिपोर्ट