Bihar News : लंदन में ‘दिलवालों की दिवाली’ कार्यक्रम में शामिल हुए बिहार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, प्रवासी भारतीयों को बिहार आने का दिया आमंत्रण

Bihar News : लंदन में बिहार फाउंडेशन यूके के तत्वावधान में ‘दिलवालों की दिवाली’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

यूके पहुंचे पर्यटन मंत्री - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार फाउंडेशन यूके द्वारा लंदन के एट्रियम होटल, हीथ्रो में आयोजित ‘दिलवालों की दिवाली’ कार्यक्रम में बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर भारतीय संस्कृति, परंपरा और दीपावली के उल्लास का भव्य संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने प्रवासी भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए बिहार की समृद्ध ऐतिहासिक, धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित होने के लिए बिहार आने का आमंत्रण दिया।

उन्होंने कहा कि बिहार भगवान बुद्ध की ज्ञानभूमि, भगवान महावीर की कर्मभूमि और विश्व की प्राचीनतम ज्ञान परंपराओं का केंद्र रहा है। बोधगया, राजगीर, नालंदा, वैशाली, पटना साहिब और सीतामढ़ी जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल बिहार को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाते हैं। पर्यटन मंत्री ने प्रवासी भारतीयों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार, मित्रों एवं विदेशी पर्यटकों के साथ बिहार आएं और प्रदेश की गौरवशाली विरासत, संस्कृति, परंपराओं एवं पर्यटन स्थलों का अनुभव करें।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार प्रदेश में पर्यटन सुविधाओं के विकास, पर्यटकों के लिए बेहतर आधारभूत संरचना तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार के पर्यटन स्थलों की पहचान को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। गुप्ता ने विदेशों में रह रहे भारतीयों की अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भारत और ब्रिटेन के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक मजबूत बनाते हैं।

कार्यक्रम में भारतीय संगीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दीपावली का उत्सव मनाया गया। पर्यटन मंत्री ने बिहार फाउंडेशन यूके के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रवासी भारतीय समुदाय को बिहार के पर्यटन विकास एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रचार-प्रसार में सहभागी बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम ने भारतीय संस्कृति की वैश्विक पहचान को मजबूत करने के साथ-साथ बिहार पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।