सदाकत आश्रम पहुंची दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल : कांग्रेस के अधिकारिक X हैंडल हैंडिल करने वाले को थमाया नोटिस, 5 नवंबर को दिल्ली कार्यालय में पेश होने का आदेश
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी (BPCC) के मुख्य कार्यालय 'सदाकत आश्रम' में रविवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने सदाकत आश्रम परिसर में लगभग एक घंटे तक सघन छानबीन की और कार्यालय के अधिकारियों से विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ की....
Patna : बिहार की राजधानी पटना स्थित बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी (BPCC) के मुख्य कार्यालय 'सदाकत आश्रम' में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम अचानक जांच के लिए पहुंची। स्पेशल सेल की टीम ने सदाकत आश्रम परिसर में लगभग एक घंटे तक सघन छानबीन की और कार्यालय के अधिकारियों से विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ की।
आधिकारिक X हैंडल @INCBihar के ऑपरेटर और मोबाइल नंबर से जुड़ी मांगी जानकारी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस की टीम बिहार कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल X (पूर्व में ट्विटर) @INCBihar के संबंध में जांच करने पहुंची थी। स्पेशल सेल के अधिकारियों ने प्रदेश कार्यालय से इस हैंडल का संचालन करने वाले व्यक्ति का विवरण, उनकी आईडी तथा हैंडल से जुड़े पंजीकृत मोबाइल नंबरों की विस्तृत जानकारी मांगी है।
अमित कुमार मंडल को थमाया नोटिस, 5 नवंबर को दिल्ली कार्यालय में पेश होने का आदेश
सदाकत आश्रम में हुई छानबीन के दौरान दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बिहार कांग्रेस के सोशल मीडिया से जुड़े अमित कुमार मंडल को औपचारिक नोटिस जारी किया है। नोटिस के माध्यम से उन्हें आगामी 5 नवंबर 2026 को सुबह 11:00 बजे नई दिल्ली स्थित स्पेशल सेल के मुख्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने और जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया गया है।
अचानक हुई कार्रवाई से राजनीतिक गलियारों में मचा हड़कंप, कांग्रेस नेताओं में रोष
सदाकत आश्रम जैसी प्रमुख राजनीतिक जगह पर दिल्ली पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से बिहार के राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है। कांग्रेस के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे राजनीतिक द्वेष से प्रेरित कार्रवाई करार देते हुए अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है, जबकि पुलिस मामले की विधिक प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है।
अनिल की रिपोर्ट