Bihar News : तेजस्वी की गैरमौजूदगी और भाषा पर मंत्री संतोष सुमन ने कसा तंज, कहा- राजनीतिक नौटंकी छोड़ जनता को जवाब दें नेता प्रतिपक्ष

Bihar News : मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बताएं कि वे इतने दिनों तक अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों से दूर क्यों रहे। आखिर जनता ने उन्हें विपक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है....जानिए आगे

तेजस्वी पर तंज - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार में लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को सबसे पहले बिहार की जनता को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वे इतने दिनों तक कहां गायब थे और अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों से दूरी क्यों बनाई रखी।

डॉ. सुमन ने बयान जारी करते हुए कहा कि राज्य की जनता ने तेजस्वी यादव को विपक्ष के नेता की एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। ऐसे में जनता के प्रति अपनी जवाबदेही निभाना उनका सबसे पहला और प्राथमिक दायित्व बनता है, जिससे वे लगातार भागते रहे हैं। मुख्यमंत्री पर किए गए हमलों का करारा जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करके कोई भी नेता अपनी राजनीतिक निष्क्रियता को नहीं छुपा सकता।

कहा की जनहित के मुद्दों पर तेजस्वी की रुचि शून्य है और व्यक्तिगत हमले करना यह दर्शाता है कि उनके पास मुद्दों का अभाव है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में तथ्य आधारित आलोचना का स्वागत है, लेकिन अभद्र भाषा विपक्ष की गरिमा को गिराती है। डॉ. संतोष कुमार सुमन ने आगे कहा कि बिहार की जनता अब इस तरह के राजनीतिक ड्रामेबाजी को पूरी तरह समझ चुकी है और इससे आगे बढ़ चुकी है। आज के समय में प्रदेश की जनता को केवल विकास, प्रशासनिक जवाबदेही और सच्ची जनसेवा से मतलब है।

उन्होंने मांग की कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को अपने आचरण और भाषा के लिए बिहार की जनता से तुरंत माफी मांगनी चाहिए। इसके साथ ही उन्हें हर बात पर राजनीतिक नौटंकी करने के बजाय जनहित के गंभीर मुद्दों पर सकारात्मक रूप से काम करना चाहिए।