शिक्षा मंत्री का पदभार संभालते ही मिथिलेश तिवारी का ऐलान, शिक्षा अब बनेगा रोजगार का माध्यम, TRE-4 पर खूब बोले

Mithilesh Tiwari- फोटो : news4nation

Bihar Education News : बिहार के नव निर्वाचित शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण करते ही शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने उन पर भरोसा जताया है और वे इस विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बिहार हमेशा से अंतरराष्ट्रीय ज्ञान की धरती रहा है। 


उन्होंने कहा कि बिहार की यह वही भूमि है जिसने दुनिया को शिक्षा और ज्ञान के क्षेत्र में नेतृत्व दिया है। उन्होंने कहा कि चरवाहा विद्यालय से लेकर आईआईएम तक का सफर बिहार में एनडीए शासन में तय हुआ है और अब शिक्षा व्यवस्था को और आगे ले जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक बनाना है। शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बननी चाहिए। सरकार इसी दिशा में काम करेगी।


TRE-4 परीक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि वे पहले विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरी स्थिति को समझेंगे और अभ्यर्थियों की समस्याओं को सुनेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले में “बीच का कोई न कोई रास्ता जरूर निकलेगा।” मंत्री ने कहा कि वे खुद विद्यार्थी रहे हैं, राजनीति में आने के साथ-साथ शिक्षक भी रहे हैं और बिहार में कोचिंग सेंटर चलाने का अनुभव भी रखते हैं। इसलिए वे शिक्षकों की भूमिका और महत्व को अच्छी तरह समझते हैं।


उन्होंने कहा, “शिक्षक वह होता है जो स्वयं मोमबत्ती की तरह जलकर दूसरों के जीवन में रोशनी देता है।”अंत में मिथिलेश तिवारी ने भरोसा दिलाया कि शिक्षा विभाग को बिहार की नई पहचान और एक आदर्श मॉडल बनाने की दिशा में गंभीरता से काम किया जाएगा।