सम्राट चौधरी के सीएम बनने के बाद सबसे पहले छात्रों पर हुआ लाठीचार्ज ! TRE-4 अभ्यर्थियों को दौड़ा-दौड़कर पीटा
TRE-4 की वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर पटना में प्रदर्शन करने जुटे हजारों अभ्यथियों की उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया.
TRE-4 : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार बनने के बाद राज्य म पहली लाठीचार्ज छात्रों पर हुई है। पटना में शुक्रवार को TRE-4 अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। शिक्षक भर्ती परीक्षा की वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर निकाले गए मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई से अफरा-तफरी मच गई। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिसमें कई अभ्यर्थी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बड़ी संख्या में TRE-4 कैंडिडेट्स पटना कॉलेज से मार्च निकालकर बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे। अभ्यर्थियों की मांग थी कि सरकार जल्द TRE-4 की वैकेंसी जारी करे। प्रदर्शनकारियों को जेपी गोलंबर के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसी दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच तनाव बढ़ गया, जिसके बाद लाठीचार्ज किया गया। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन में करीब पांच हजार अभ्यर्थी शामिल थे।
लाठीचार्ज के बाद इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सड़कों पर अभ्यर्थियों की चप्पलें और सामान बिखरे दिखाई दिए। कई अभ्यर्थियों के घायल होने की बात सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक अभ्यर्थी के कपड़े खून से सने हुए थे, जबकि कुछ छात्राओं के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट के आरोप लगे हैं।
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वे भविष्य के शिक्षक हैं, लेकिन उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया गया। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने निकले थे।